Trending Now

Delhi News: डाकघरों के आधुनिकीकरण पर सरकार खर्च करेगी 1,491 करोड़ रुपये, कैबिनेट की मंजूरी

Rama Posted on: 2026-11-25 15:22:00 Viewer: 18 Comments: 0 Country: India City: New Delhi

Delhi News: डाकघरों के आधुनिकीकरण पर सरकार खर्च करेगी 1,491 करोड़ रुपये, कैबिनेट की मंजूरी Delhi News: Government to spend Rs 1,491 crore on modernization of post offices; gets Cabinet approval

पांच वर्षों में 190 नए डाक भवनों का होगा निर्माण, 2,550 उपडाकघरों का नवीनीकरण

Delhi News: नई दिल्ली। देशभर में डाक सेवाओं के बुनियादी ढांचे को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने डाक विभाग की संपत्तियों के प्रबंधन और आधुनिकीकरण से जुड़ी योजना को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने की मंजूरी दी है। वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक संचालित होने वाली इस योजना पर 1,491 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। योजना के तहत देशभर में नए डाक भवनों का निर्माण, पुराने और जर्जर भवनों का पुनर्निर्माण तथा मौजूदा डाकघरों का नवीनीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही ऐतिहासिक डाक भवनों को संरक्षित करने और कर्मचारियों की आवासीय सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

190 नए डाक भवन बनेंगे, 2,550 उपडाकघरों का होगा कायाकल्प
योजना के तहत 280 करोड़ रुपये की लागत से खाली पड़ी विभागीय जमीनों पर 190 नए डाक भवन बनाए जाएंगे। इससे किराए के भवनों में संचालित डाकघरों को अपने भवनों में स्थानांतरित करने में मदद मिलेगी। वहीं, 108 करोड़ रुपये खर्च कर 50 जर्जर डाक भवनों का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा 318 करोड़ रुपये की लागत से 2,550 विभागीय उपडाकघरों का नवीनीकरण और एक समान ब्रांडिंग की जाएगी। किराए के भवनों में चल रहे 2,500 डाकघरों को भी 37.50 करोड़ रुपये से बेहतर सुविधाओं के साथ नया स्वरूप दिया जाएगा।

ऐतिहासिक भवनों और कर्मचारियों की सुविधाओं पर भी ध्यान
देश की डाक विरासत को सुरक्षित रखने के लिए 180 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इससे 20 ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण डाक भवनों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। वहीं, कर्मचारियों की आवासीय सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 357.50 करोड़ रुपये की लागत से अधिक मांग वाली 150 आवासीय कॉलोनियों का नवीनीकरण होगा।

सौर ऊर्जा से लेकर दिव्यांग सुविधाओं तक होगा विकास
योजना में पर्यावरण संरक्षण और नागरिकों की सुविधाओं को भी शामिल किया गया है। इसके लिए 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। डाक भवनों में सौर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन, दिव्यांगजनों के लिए रैंप और ब्रेल संकेतक जैसी सुविधाएं विकसित होंगी। महिला कर्मचारियों और आगंतुकों के लिए महिला शौचालय तथा बच्चों को दूध पिलाने के लिए अलग कक्ष भी बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त बेंगलुरु स्थित सेंटर फॉर एक्सीलेंस इन पोस्टल टेक्नोलॉजी (CEPT) के स्थायी भवन और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे डाक विभाग की आधुनिक तकनीकी सेवाओं और स्वदेशी ओपन-सोर्स तकनीक को बढ़ावा मिलेगा।

1.65 लाख डाकघरों के नेटवर्क को मिलेगा लाभ
देश में डाक विभाग के करीब 1.65 लाख डाकघर संचालित हैं, जिनमें 1,49,385 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। डाकघर अब केवल चिट्ठियों और पार्सल के वितरण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बचत बैंक, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, डाक जीवन बीमा, आधार और पासपोर्ट सेवाओं जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करा रहे हैं।सरकार का मानना है कि इस योजना से डाक विभाग का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा, सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा और ग्रामीण क्षेत्रों तक आधुनिक सुविधाओं की पहुंच बढ़ेगी।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall