Trending Now

Singrauli News: जयंत हत्याकांड के छह आरोपियों का पुलिस ने निकाला जुलूस, मेडिकल के बाद कोर्ट में किया

Rama Posted on: 2026-11-20 12:02:00 Viewer: 159 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: जयंत हत्याकांड के छह आरोपियों का पुलिस ने निकाला जुलूस, मेडिकल के बाद कोर्ट में किया Singrauli News: Police paraded the six accused in the Jayant murder case; they were produced in court following a medical examination.

24 घंटे के भीतर दूसरे राज्यों से गिरफ्तार किए गए आरोपी, पांच का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

Singrauli News: सिंगरौली। जिले के जयंत क्षेत्र में हुए बहुचर्चित भूपेंद्र सिंह उर्फ राजन हत्याकांड के छह आरोपियों का शुक्रवार को सिंगरौली पुलिस ने जुलूस निकाला। पुलिस ने सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें सुरक्षा घेरे में पैदल ले जाकर न्यायालय में पेश किया। वाहन को रास्ता देने के मामूली विवाद में चाकू और लाठी-डंडों से हमला कर युवक की हत्या करने के इस मामले में पुलिस ने वारदात के महज 24 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में पांच का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।

रास्ता देने के विवाद में गई थी युवक की जान
पुलिस के मुताबिक, घटना 17 नवंबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे की है। फरियादी अपने साथियों के साथ नवानगर में आयोजित जन्मदिन की पार्टी से बोलेरो वाहन में सवार होकर सेक्टर-बी दुधिचुआ लौट रहा था। इसी दौरान सीएमपीडीआई के आगे ब्रेकर के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो को देखकर बोलेरो चालक ने संभावित टक्कर से बचने के लिए वाहन सड़क के बाईं ओर पटरी पर उतार दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

विवाद के दौरान गोविंदा वर्मा, सागर वर्मा, विक्की, समीर वर्मा, अजय वर्मा सहित अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने फरियादी और उसके साथियों पर चाकू तथा लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में भूपेंद्र सिंह उर्फ राजन (24), पिता जगदीश सिंह, निवासी एमक्यू-488 सेक्टर-बी जयंत गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उनकी मौत हो गई, जबकि अन्य लोग भी घायल हुए। घटना के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 103(1), 126(2), 191(2), 191(3) और 190 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

दूसरे राज्यों में दबिश देकर छह आरोपियों को दबोचा
हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं सीएसपी विंध्यनगर हेमंत कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। साइबर सेल की तकनीकी सहायता और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने दूसरे राज्यों में दबिश देकर वारदात के 24 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और वाहन भी जब्त किए गए।

मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपियों का निकाला जुलूस
शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार सभी छह आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद पुलिस सुरक्षा के बीच आरोपियों को पैदल ले जाते हुए न्यायालय में पेश किया गया। आरोपियों को इस तरह सार्वजनिक मार्ग से ले जाने की कार्रवाई चर्चा का विषय रही।

ये छह आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में गोविंदा वर्मा (35), पिता रामकृपाल उर्फ गुरभारी साकेत, निवासी बनौली थाना विंध्यनगर; सागर वर्मा (24), पिता राकेश कुमार वर्मा, निवासी बनौली; शैलेन्द्र उर्फ समीर (22), पिता राकेश कुमार वर्मा, निवासी बनौली; हिमांशु सिंह (22), पिता रामेश्वर सिंह, निवासी भरुहां थाना नवानगर; अजय वर्मा (21), पिता गोविंद प्रसाद साकेत, निवासी मौहरिया टोला कचनी बैढ़न तथा अरविंद वर्मा (28), पिता रामसजीवन वर्मा, निवासी बनौली थाना विंध्यनगर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गोविंदा वर्मा, सागर वर्मा, शैलेन्द्र उर्फ समीर, अजय वर्मा और अरविंद वर्मा का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।

कई थानों की पुलिस और साइबर सेल की रही भूमिका
आरोपियों की गिरफ्तारी में विंध्यनगर थाना प्रभारी निरीक्षक आराधना सिंह परिहार, बैढ़न थाना प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु द्विवेदी, माड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक शिवपूजन मिश्रा, नवानगर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र पाठक और बरगवां थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल पटेल सहित उनके स्टाफ की भूमिका रही। इसके अलावा उपनिरीक्षक चांदनी सिंह, जयंत चौकी प्रभारी निरीक्षक पवन सिंह, बंधौरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप नामदेव, गोरबी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शीतला यादव, खुटार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अमन वर्मा तथा साइबर सेल सिंगरौली की टीम ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी में सहयोग किया।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall