Trending Now

Singrauli News: बारिश में डूबा बैढ़न-शक्तिनगर मार्ग, घुटनों से ऊपर पानी; जान जोखिम में डालकर गुजर रह

Rama Posted on: 2026-08-19 11:24:00 Viewer: 58 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: बारिश में डूबा बैढ़न-शक्तिनगर मार्ग, घुटनों से ऊपर पानी; जान जोखिम में डालकर गुजर रह Singrauli News: Baidhan-Shaktinagar road submerged in rain; water levels above knee-deep; people risking their lives to pass through.

पानी के नीचे छिपे गड्ढे बन रहे हादसे का खतरा; स्थायी जलनिकासी व्यवस्था पर उठे सवाल

Singrauli News: सिंगरौली। लगातार हो रही बारिश ने बैढ़न से शक्तिनगर और वाराणसी को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग की दुर्दशा और बढ़ा दी है। रेलवे लाइन और कंपनी की दीवार के बीच से गुजरने वाले इस मार्ग पर कई स्थानों पर घुटनों से ऊपर तक पानी भर गया है। जलभराव के कारण सड़क पर बने गहरे गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं और राहगीरों व वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर रास्ता पार करना पड़ रहा है। यह मार्ग बैढ़न जिला मुख्यालय को शक्तिनगर रेलवे स्टेशन और उत्तर प्रदेश से जोड़ने के साथ आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग इस रास्ते से आवागमन करते हैं। लगातार बारिश के बाद हालात इतने खराब हो गए हैं कि कई जगह सड़क पूरी तरह पानी में डूब गई है।

पानी के नीचे छिपे गड्ढे, वाहन हो रहे बंद
जलभराव के कारण सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है। पानी के नीचे मौजूद गड्ढों में वाहन फंस रहे हैं और दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार रात के समय स्थिति और खतरनाक हो जाती है, क्योंकि अंधेरे में पानी की गहराई और सड़क पर बने गड्ढों का पता नहीं चल पाता।

हर साल जलभराव, फिर भी स्थायी समाधान नहीं
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में इस मार्ग पर जलभराव की समस्या हर साल सामने आती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों का आरोप है कि कंपनी की ओर से आने वाला पानी सड़क पर जमा हो रहा है, जिसके कारण समस्या और गंभीर हो जाती है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि क्षेत्र में जलनिकासी की समस्या पहले से सामने आती रही है तो बारिश से पहले पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए।

भारी वाहनों की आवाजाही से बढ़ता खतरा
इसी मार्ग से बड़े वाहन भी आवागमन करते हैं और राशन व अन्य आवश्यक सामग्री की आवाजाही होती है। सड़क पर जलभराव और गड्ढों के बीच भारी वाहनों की आवाजाही से छोटे वाहनों और पैदल राहगीरों के लिए खतरा और बढ़ गया है।

ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित
मार्ग से दूध विक्रेता, सब्जी विक्रेता, छोटे दुकानदार और आसपास के ग्रामीण रोजाना आवागमन करते हैं। जलभराव के कारण इनकी आवाजाही प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि मजबूरी में दिन के समय तो किसी तरह रास्ता पार कर लेते हैं, लेकिन रात में यहां से गुजरना बेहद जोखिम भरा हो गया है।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall