Trending Now

Singrauli News: झांझी से दोपहा टोला तक 4 किमी सड़क बदहाल, बच्चों की बस तक हुई बंद

Rama Posted on: 2026-08-19 11:24:00 Viewer: 50 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: झांझी से दोपहा टोला तक 4 किमी सड़क बदहाल, बच्चों की बस तक हुई बंद Singrauli News: 4-km road from Jhanjhi to Dopaha Tola in dilapidated condition; even the school bus service has been suspended.

ऐश डैम के किनारे जर्जर मार्ग से ग्रामीण परेशान, बोले—नेताओं के आश्वासन नहीं, अब चाहिए ठोस समाधान

Singrauli News: सिंगरौली। सिंगरौली जिले के ग्राम पंचायत हर्रहवा क्षेत्र में झांझी से हर्रहवा, लट्टा टोला होते हुए दोपहा टोला तक करीब चार किलोमीटर सड़क पूरी तरह जर्जर और क्षतिग्रस्त हो चुकी है। ऐश डैम के किनारे से गुजरने वाले इस मार्ग की हालत लगातार खराब होने के कारण ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे और उखड़ी सतह के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है। हालात यह हैं कि बच्चों की बस तक इस मार्ग पर आना-जाना बंद हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली कोई नई समस्या नहीं है। लंबे समय से मार्ग की मरम्मत और सुधार की मांग की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों की ओर से ठोस पहल नहीं होने से समस्या जस की तस बनी हुई है।

ग्रामीणों का नेताओं से सीधा सवाल
सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों जिला पंचायत सदस्य संदीप शाह और सरपंच बाल कुमार से सवाल करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को केवल आश्वासन देकर टाला नहीं जा सकता। ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए और राजनीति से ऊपर उठकर जनता के हित में काम करना चाहिए। ग्रामीणों ने कहा कि झूठे आश्वासनों से कुछ समय के लिए जनता को संतुष्ट किया जा सकता है, लेकिन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जा सकता। जनता समस्याओं और जनप्रतिनिधियों के कामकाज को याद रखती है और समय आने पर उसका जवाब भी देती है।

बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा असर
सबसे गंभीर स्थिति स्कूली बच्चों को लेकर है। सड़क की खराब हालत के कारण बच्चों की बस का आवागमन प्रभावित हो गया है। इससे ग्रामीण परिवारों की चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि यदि सड़क जल्द दुरुस्त नहीं की गई तो बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के आवागमन पर इसका और गंभीर असर पड़ सकता है।

ग्रामीणों ने संबंधित जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से मांग की है कि झांझी से दोपहा टोला तक क्षतिग्रस्त करीब चार किलोमीटर सड़क का तत्काल निरीक्षण कराकर मरम्मत कराई जाए। लोगों का कहना है कि यह केवल सड़क की समस्या नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा और ग्रामीणों के रोजमर्रा के जीवन से जुड़ा मामला है।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall