Trending Now

Devas News: टीआई की मौत के बाद शराब तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई, ट्रक मालिक गिरफ्तार, तीन दुकानों के

Rama Posted on: 2026-11-02 16:12:00 Viewer: 84 Comments: 0 Country: India City: Dewas

Devas News: टीआई की मौत के बाद शराब तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई, ट्रक मालिक गिरफ्तार, तीन दुकानों के Dewas News: Crackdown on liquor smuggling network following TI's death; truck owner arrested, licenses of three shops suspended.

आबकारी अधिकारी समेत तीन कर्मचारी निलंबित, ईओडब्ल्यू के महानिदेशक उपेंद्र जैन को सौंपी गई जांच

Devas News: देवास। अवैध शराब तस्करी रोकने के दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर हुई मौत के मामले में पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आयशर ट्रक की पायलटिंग करने के आरोप में कैरम सिंह को गिरफ्तार किया है। वहीं हरदा जिले की तीन शराब दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। आबकारी विभाग के सहायक जिला आबकारी अधिकारी सहित दो आरक्षकों को भी निलंबित किया गया है। मामले की जांच आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) के महानिदेशक उपेंद्र जैन को सौंपी गई है।

जानकारी के अनुसार, अवैध शराब से भरा आयशर ट्रक क्रमांक MP 43 H 4786 इंदौर के रास्ते गुजरात जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने कई टीमें गठित कर कन्नौद, सतवास, नेमावर और खातेगांव क्षेत्र में कार्रवाई शुरू की। हरदा-नेमावर मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान ट्रक चालक एक ढाबे पर रुका। इसी दौरान थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने भागने के लिए ट्रक आगे बढ़ा दिया, जिससे थाना प्रभारी नीचे गिर गए और ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

तीन शराब दुकानों पर कार्रवाई, मैनेजर हिरासत में
पुलिस ने आलीराजपुर जिले के बेहड़वा गांव से कैरम सिंह को गिरफ्तार किया है। उस पर अपनी स्विफ्ट कार से शराब से भरे ट्रक की पायलटिंग करने का आरोप है। वहीं हरदा कलेक्टर ने पाटेंद्र जायसवाल से संबंधित टिमरनी की दो और रहटगांव की एक शराब दुकान के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। आशंका है कि राधाबाई की पुलिया के पास स्थित दुकान से ट्रक में शराब भरकर रवाना की गई थी। अधिकारियों ने संबंधित दुकान पहुंचकर स्टॉक की जांच भी की है।

पुलिस ने शराब ठेकेदार के मैनेजर भूपेंद्र सिंह राणा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। दूसरी ओर सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमरसिंह बघेल और दो आबकारी आरक्षकों को निलंबित किया गया है।

इस मामले में कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल का नाम भी चर्चा में आया था। हालांकि उन्होंने शराब ठेके का लाइसेंस अपने पास होने से इनकार करते हुए बताया कि ठेका बड़वानी निवासी पाटेंद्र जायसवाल के पास है और भूपेंद्र सिंह राणा मैनेजर हैं।

ईओडब्ल्यू करेगा पूरे नेटवर्क की जांच
राज्य शासन ने मामले की जांच ईओडब्ल्यू के महानिदेशक उपेंद्र जैन को सौंपी है। वे देवास पहुंचकर जांच शुरू कर चुके हैं। पुलिस, आबकारी और राजस्व विभाग की टीमें शराब के स्रोत, परिवहन और तस्करी से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं। अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि शराब की खेप कहां से आई और इस पूरे कारोबार में किन लोगों की भूमिका रही।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall