Trending Now

Singrauli News: धान उपार्जन में मिलर्स की समस्याओं पर कमिश्नर ने की चर्चा, समाधान का दिया भरोसा

Rama Posted on: 2026-11-23 11:30:00 Viewer: 54 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: धान उपार्जन में मिलर्स की समस्याओं पर कमिश्नर ने की चर्चा, समाधान का दिया भरोसा Singrauli News: Commissioner discussed the problems of millers in paddy procurement, assured of solution.

भुगतान और परिवहन में देरी सहित कई शिकायतें उठीं, रीवा संभाग के छह जिलों के मिलर्स बैठक में हुए शामिल

Singrauli News: रीवा। धान उपार्जन के दौरान मिलर्स को आ रही समस्याओं और व्यवस्थागत खामियों को लेकर कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने संभाग के सभी जिलों से आए धान मिलर्स के साथ बैठक की। बैठक में मिलर्स ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं और उपार्जन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सुझाव दिए। कमिश्नर ने सभी की बातें सुनते हुए समस्याओं का यथासंभव समाधान कराने का भरोसा दिलाया।

बैठक में मिलर्स ने आरोप लगाया कि कुछ गोदाम पहले से ही चुनिंदा मिलर्स के नाम आवंटित कर दिए गए हैं, जिससे सभी को समान अवसर नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सभी मिलर्स को बराबर डीओ जारी करने की मांग उठाई। इसके साथ ही डिपॉजिट चढ़ाने, भुगतान और बिल्टी दर्ज करने में होने वाली देरी की समस्या भी सामने रखी।

तौल कांटों में अंतर से नुकसान की शिकायत
मिलर्स ने बताया कि सरकारी और निजी तौल कांटों के वजन में अंतर होने के कारण उन्हें कई बार एक क्विंटल तक का नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने सभी तौल कांटों को एक समान रखने और वजन में अंतर की समस्या दूर करने की मांग की। कुछ मिलर्स ने वेयरहाउस संचालकों के व्यवहार को लेकर भी शिकायतें रखीं।

परिवहन और गोदाम आवंटन में भी बताई समस्याएं
बैठक में मिलर्स ने बताया कि कई बार उनकी धान परिवहन करने वाली गाड़ियां ऐसे गोदामों में लगा दी जाती हैं, जहां पर्याप्त स्टॉक नहीं रहता। इससे परिवहन के बाद वाहन खाली खड़े रहते हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। कुछ वेयरहाउस में मिलर्स और वाहनों की भीड़ के कारण परिवहन प्रभावित होता है। वहीं, कुछ वेयरहाउस संचालकों पर धीमी गति से धान उठाव कराने के आरोप भी लगाए गए। मिलर्स ने यह शिकायत भी की कि कुछ स्थानों पर पहचान के आधार पर ही डीओ जारी किए जा रहे हैं, जिससे अन्य मिलर्स को पर्याप्त काम नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने उपार्जन व्यवस्था में समान अवसर और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

समस्याओं के समाधान का आश्वासन
कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने मिलर्स की सभी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगामी दिनों में संबंधित विभागों के समन्वय से समस्याओं का यथासंभव समाधान कराया जाएगा। बैठक में उपायुक्त राजस्व एल.एल. अहिरवार, नागरिक आपूर्ति निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक ए.पी. द्विवेदी, एफसीआई के नागेंद्र मिश्रा, सहकारिता विभाग के संयुक्त संचालक घनश्याम डेहरिया सहित रीवा, सतना, सिंगरौली, मऊगंज, सीधी और मैहर जिलों से आए धान मिलर्स उपस्थित रहे।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall