Trending Now

Sidhi News: शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय मझौली में मनाई गई डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती

Rama Posted on: 2026-04-11 11:18:00 Viewer: 41 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Sidhi News: शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय मझौली में मनाई गई डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती Sidhi News: Dr. Bhimrao Ambedkar Jayanti Celebrated at Government Arts and Commerce College, Majhauli.

Sidhi News: मझौली। शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय मझौली में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग भोपाल एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मझौली के निर्देशन तथा महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. गीता भारती के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्रा राखी गुप्ता एवं रेखा गुप्ता ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सीधी धनंजय मिश्रा ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर के विचार सामाजिक न्याय और समानता पर आधारित हैं, जो आज भी अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने युवाओं से बाबा साहब के विचारों को आत्मसात कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. गीता भारती ने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर के भारतीय संविधान निर्माण में योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी। यह व्यवस्था समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के सिद्धांतों पर आधारित है। उन्होंने लोकतंत्र में सशक्त विपक्ष की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।

अखिलेश पाण्डेय ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बाबा साहब के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने पर बल दिया और विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों को समझने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मझौली रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी, एसडीओ आरईसी सरिता सिंह, प्रबंधक ग्रामीण आजीविका मिशन चंद्रकांत सिंह, अयोध्या प्रसाद पटेल, संतोष तिवारी, डॉ. सत्यसांची त्रिपाठी, अशोक पांडे, अरविंद तिवारी, रजनीश कुमार सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall