Trending Now

Sidhi News: नवीन बस स्टैंड की व्यवस्था सुधारने कलेक्टर और एसपी ने दिए निर्देश

Rama Posted on: 2026-11-03 15:49:00 Viewer: 48 Comments: 0 Country: India City: Sidhi

Sidhi News: नवीन बस स्टैंड की व्यवस्था सुधारने कलेक्टर और एसपी ने दिए निर्देश Sidhi News: Collector and SP issue directives to improve arrangements at the new bus stand

सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, साफ-सफाई और यातायात प्रबंधन पर जोर, ऑटो स्टैंड व पुलिस सहायता केंद्र को प्रभावी बनाने की कवायद

Sidhi News: नवीन बस स्टैंड के व्यवस्थित संचालन और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर विकास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में बस स्टैंड परिसर की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पार्किंग और यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा की गई।

कलेक्टर ने बस स्टैंड परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ यात्रियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में ऑटो स्टैंड को व्यवस्थित रूप से विकसित करने तथा बसों और अन्य वाहनों के आवागमन को सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड पहुंचने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित तरीके से संचालित की जाएं।

वहीं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने बस स्टैंड की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस सहायता केंद्र को सक्रिय रखने तथा यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए आवश्यक पुलिस बल की व्यवस्था करने पर जोर दिया।

बैठक में पार्किंग व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, परिसर की स्वच्छता और यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। कलेक्टर एवं एसपी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नवीन बस स्टैंड का संचालन सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से किया जा सके।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद, वनमंडलाधिकारी प्रीती अहिरवार, उप पुलिस अधीक्षक राघवेंद्र द्विवेदी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी महमूद हसन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall