Trending Now

Singrauli Sonbhadra News: मैत्री द्वार के पास शराबियों का जमावड़ा, सुंदरता पर लग रहा ग्रहण

Rama Posted on: 2026-06-27 14:06:00 Viewer: 45 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli Sonbhadra News: मैत्री द्वार के पास शराबियों का जमावड़ा, सुंदरता पर लग रहा ग्रहण Singrauli-Sonbhadra News: Gathering of drunkards near Maitri Dwar; the site's beauty is being marred.

शराबियों के जमावड़े और गंदगी से बिगड़ रही क्षेत्र की छवि, आबकारी विभाग व एनसीएल पर अनदेखी के आरोप

Singrauli Sonbhadra News: शक्तिनगर। उत्तर प्रदेश-मध्यप्रदेश की सीमा पर स्थित एनसीएल दुद्धीचुआ परियोजना के महाप्रबंधक कार्यालय के समीप बने मैत्री द्वार के पास संचालित शराब दुकान को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि वर्षों से संचालित यह दुकान अब शराबियों का अड्डा बन चुकी है, जिससे न केवल मैत्री द्वार की सुंदरता प्रभावित हो रही है बल्कि राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मैत्री द्वार क्षेत्र की पहचान और आकर्षण का प्रमुख केंद्र है, लेकिन उसके समीप शराब दुकान संचालित होने से पूरे क्षेत्र की छवि धूमिल हो रही है। शराब पीने के बाद लोग खाली बोतलें, प्लास्टिक और अन्य कचरा आसपास फेंक देते हैं, जिससे यहां गंदगी का अंबार लगा रहता है।

शराबियों का लगा रहता है जमावड़ा
लोगों का कहना है कि उत्तर प्रदेश में शराब अपेक्षाकृत सस्ती होने के कारण मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां शराब खरीदने और पीने पहुंचते हैं। इसके अलावा विभिन्न परियोजनाओं में आने-जाने वाले भारी वाहनों के चालक भी यहां रुकते हैं, जिससे दिनभर शराब पीने वालों का जमावड़ा लगा रहता है। क्षेत्रवासियों के अनुसार कई बार शराब के नशे में धुत लोगों और आम नागरिकों के बीच विवाद की स्थिति भी बन चुकी है। महिलाओं और परिवारों के साथ आने-जाने वाले लोगों को भी असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।

कार्रवाई नहीं होने से बढ़ रही नाराजगी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब दुकान को हटाने की मांग कई बार आबकारी विभाग एवं संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका यह भी आरोप है कि आबकारी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचते हैं, लेकिन केवल औपचारिक निरीक्षण कर लौट जाते हैं। वहीं एनसीएल प्रबंधन पर भी परियोजना की भूमि पर कथित रूप से संचालित दुकान के संबंध में कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया गया है।

आंदोलन की चेतावनी
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही शराब दुकान को वहां से स्थानांतरित नहीं किया गया और समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उनका कहना है कि मैत्री द्वार क्षेत्र की पहचान है और इसकी गरिमा बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं संबंधित विभागों को शीघ्र प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall