Trending Now

Singrauli News: सुबह 7:30 बजे एक्शन मोड में दिखीं निगम आयुक्त, वार्डों का किया सघन निरीक्षण

Rama Posted on: 2026-04-24 11:23:00 Viewer: 177 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: सुबह 7:30 बजे एक्शन मोड में दिखीं निगम आयुक्त, वार्डों का किया सघन निरीक्षण Singrauli News: Municipal Commissioner Seen in 'Action Mode' at 7:30 AM; Conducts Intensive Inspection of Wards

जनसुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अधिकारी फील्ड में दिखाएं मुस्तैदी : सविता प्रधान

Singrauli News: सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली की आयुक्त सविता प्रधान गुरुवार सुबह एक्शन मोड में नजर आईं। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत उन्होंने प्रातः 7:30 बजे वार्ड क्रमांक 24, 25 एवं 26 का सघन निरीक्षण किया। नवानगर चौराहे से शुरू हुए इस औचक भ्रमण के दौरान आयुक्त ने सफाई व्यवस्था, सड़कों की स्थिति तथा भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्थाओं का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि जनसुविधाओं के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने-अपने आवंटित वार्डों में नियमित रूप से फील्ड में निकलें और समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें।

सफाई व्यवस्था को लेकर आयुक्त ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कचरा उठाने वाले वाहन निर्धारित समय पर वार्डों में पहुंचें और समयबद्ध तरीके से कचरे का संग्रहण करें। वाहनों के विलंब से पहुंचने पर पूरी सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है।

उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि वाहनों के रूट और समय की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा लापरवाही बरतने वाले वाहन चालकों एवं संबंधित एजेंसियों पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही स्वच्छता अमले को छोटी-बड़ी सभी नालियों की सफाई कराने एवं कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए गए।

भीषण गर्मी को देखते हुए आयुक्त ने पेयजल व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सहायक यंत्रियों एवं उपयंत्रियों से कहा कि जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है, वहां तत्काल टैंकरों के माध्यम से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को परेशानी न हो।

सड़कों की जर्जर स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को पेचवर्क एवं मरम्मत कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने कहा कि अधूरे और घटिया निर्माण कार्य किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

भ्रमण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के पार्षदों से सतत समन्वय बनाए रखने तथा स्थानीय समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बंद पड़े आरओ वाटर प्लांट को शीघ्र चालू कराने, सुलभ शौचालय का निरीक्षण करने तथा रेलवे लाइन के पास स्थित नाले का एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान पार्षद शिवकुमारी, उपायुक्त आरपी बैस, कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय, स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी, वार्ड प्रभारी, सहायक यंत्री, उपयंत्री सहित निगम का मैदानी अमला उपस्थित रहा। नगर निगम आयुक्त के इस औचक निरीक्षण से साफ संकेत मिला है कि शहर की मूलभूत सुविधाओं को लेकर अब निगम प्रशासन सख्त रुख अपनाने जा रहा है।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall