Trending Now

Singrauli News: कलेक्टर के प्रतिबंध आदेश की खुली अवहेलना, अवैध नलकूप खनन करते बोरिंग मशीन ट्रक जब्त

Rama Posted on: 2026-05-16 11:28:00 Viewer: 92 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: कलेक्टर के प्रतिबंध आदेश की खुली अवहेलना, अवैध नलकूप खनन करते बोरिंग मशीन ट्रक जब्त Singrauli News: Flagrant Disregard for Collector's Ban Order; Truck-Mounted Boring Machine Engaged in Illegal Tubewell Drilling Seized

Singrauli News: सिंगरौली। जिले में भूजल संरक्षण को लेकर लागू प्रतिबंधात्मक आदेशों के बावजूद अवैध रूप से नलकूप खनन किए जाने का मामला सामने आया है। सरई थाना अंतर्गत पुलिस चौकी बरका की टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रतिबंध अवधि में संचालित की जा रही बोरिंग मशीन ट्रक को जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

यह कार्रवाई रीवा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत, उप महानिरीक्षक हेमंत चौहान एवं पुलिस अधीक्षक सिराज के.एम. के निर्देशन में की गई। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा तथा एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरई जितेंद्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में बरका चौकी पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 मई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम गन्नई में राजकुमार बैस के घर के पीछे बोरिंग मशीन लगाकर नलकूप खनन किया जा रहा है। जबकि जिला कलेक्टर द्वारा जारी आदेश क्रमांक 1545/कले./आर.टी.एम. शाखा/2026 के तहत 2 मई 2026 से 15 जुलाई 2026 तक जिले में नलकूप खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।

सूचना मिलते ही बरका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। मौके पर बोरिंग मशीन ट्रक क्रमांक TN 48 X 2414 से नलकूप खनन कार्य करते हुए पाया गया। पुलिस ने चालक से वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई अनुमति या वैधानिक कागजात पेश नहीं कर सका।

पुलिस ने मौके से बोरिंग मशीन ट्रक जब्त कर आरोपी प्रेमलाल जायसवाल उर्फ गुड्डू जायसवाल पिता रामसिया जायसवाल उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम पटेहरा खुर्द थाना कोतवाली सीधी, हाल निवासी घोघरा सरई थाना सरई जिला सिंगरौली के खिलाफ अपराध क्रमांक 60/26 के तहत धारा 223 बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस की इस कार्रवाई को भूजल संरक्षण के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासन द्वारा लगातार चेतावनी दिए जाने के बावजूद प्रतिबंध अवधि में अवैध नलकूप खनन की शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे में पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सरई जितेंद्र सिंह भदौरिया, चौकी प्रभारी बरका उप निरीक्षक नृपेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक एस.के. सोनवानी, आरक्षक मनीष ठाकुर एवं आरक्षक सावन मुजाल्दे की सराहनीय भूमिका रही।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall