Trending Now

Singrauli News: सरकारी नाले पर कब्जे का खेल, नगर निगम की निगरानी पर सवाल! बड़े निर्माण पर खामोशी क्य

Rama Posted on: 2026-11-28 11:31:00 Viewer: 83 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: सरकारी नाले पर कब्जे का खेल, नगर निगम की निगरानी पर सवाल! बड़े निर्माण पर खामोशी क्य Singrauli News: Encroachment on a public drain—questions raised over the Municipal Corporation’s oversight! Why the silence regarding such a large-scale construction?

होटल द ग्रैंड जलसा के बगल कथित अतिक्रमण का मामला, एक कमरे का 20 हजार रुपये किराया वसूले जाने का दावा

Singrauli News: सिंगरौली। शहर में अतिक्रमण हटाने के नाम पर गरीबों के मकानों और छोटी दुकानों पर कार्रवाई करने वाला नगर निगम अब खुद सवालों के घेरे में है। बैढ़न में होटल द ग्रैंड जलसा के बगल नाले की जमीन पर कथित कब्जे और पक्के निर्माण का मामला सामने आने के बाद निगम की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि नाले की जमीन पर निर्माण कर कमरों को किराये पर दिया जा रहा है। चर्चा है कि एक कमरे का किराया करीब 20 हजार रुपये प्रतिमाह तक वसूला जा रहा है। यदि ये आरोप सही साबित होते हैं तो यह सरकारी जमीन के कथित व्यावसायिक इस्तेमाल का गंभीर मामला होगा।

मामले की गंभीरता इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि संबंधित स्थल कोतवाली थाना से महज चंद कदम की दूरी पर बताया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर निर्माण के दौरान नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस पर क्यों नहीं पड़ी? क्या संबंधित निर्माण के लिए अनुमति जारी की गई थी या फिर सरकारी नाले की जमीन पर बिना अनुमति ही पक्का निर्माण खड़ा कर दिया गया?

सरकारी नाला बना कमाई का जरिया?
नाला शहर की जल निकासी व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है, लेकिन यदि उसकी जमीन पर कब्जा कर निर्माण किया गया है और उसे किराये पर चलाया जा रहा है तो यह सीधे तौर पर सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। नगर निगम को यह स्पष्ट करना चाहिए कि संबंधित जमीन का वास्तविक स्वामित्व क्या है, निर्माण की अनुमति किस आधार पर दी गई और नाले की सीमा का सीमांकन कब कराया गया।

गरीबों पर सख्ती, बड़े निर्माण पर नरमी क्यों?
नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई में गरीबों और छोटे दुकानदारों के खिलाफ सख्ती दिखाई देती है। ऐसे में बड़े निर्माणों पर अतिक्रमण के आरोप सामने आने के बावजूद कार्रवाई स्पष्ट नहीं होने से निगम की निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। आखिर नियमों का पालन सभी के लिए समान रूप से क्यों नहीं होना चाहिए? यदि छोटी झोपड़ी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण है तो बड़े पक्के निर्माण की जांच भी उसी कसौटी पर होनी चाहिए।

अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आए
यदि नाले की जमीन पर अतिक्रमण प्रमाणित होता है तो केवल निर्माणकर्ता ही नहीं, बल्कि निर्माण के दौरान निगरानी की जिम्मेदारी निभाने वाले संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। यह पता लगाना जरूरी है कि निर्माण कब हुआ, किसकी अनुमति से हुआ और अब तक इस पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

निगम उपायुक्त ने दिया जांच और कार्रवाई का आश्वासन
इस मामले में नगर निगम उपायुक्त आरपी वैश्य से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जल्द ही इसकी जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि निगम प्रशासन केवल जांच का आश्वासन देता है या वास्तव में मौके का सीमांकन कराकर निर्माण की वैधानिकता उजागर करता है। यदि सरकारी नाले की जमीन पर कब्जा प्रमाणित होता है तो नियमानुसार कार्रवाई के साथ जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall