Trending Now

Singrauli News: मतदाता सूची के परीक्षण को लेकर शहर कांग्रेस की बैठक, ब्लॉक-मंडल अध्यक्षों को सौंपी ज

Rama Posted on: 2026-11-18 11:59:00 Viewer: 45 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: मतदाता सूची के परीक्षण को लेकर शहर कांग्रेस की बैठक, ब्लॉक-मंडल अध्यक्षों को सौंपी ज Singrauli News: City Congress holds meeting regarding review of electoral rolls; responsibilities assigned to block and mandal presidents.

भाजपा से नाराज दर्जनों युवाओं ने प्रवीण सिंह चौहान के नेतृत्व में ली कांग्रेस की सदस्यता

Singrauli News: सिंगरौली। मतदाता सूची के गहन परीक्षण और उसमें आवश्यक सुधार को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय बिलौजी में शहर कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई। शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई बैठक में ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों की मतदाता सूचियों की जांच करने और पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में पदाधिकारियों को मतदाता सूची उपलब्ध कराते हुए निर्देश दिए गए कि वे बीएलओ से संपर्क कर सूची का बारीकी से परीक्षण करें। बताया गया कि नाम जोड़ने, संशोधन कराने और अपात्र नाम हटवाने की प्रक्रिया की अंतिम तिथि 11 दिसंबर निर्धारित है। कांग्रेस पदाधिकारियों से कहा गया कि जिन पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं हैं, उन्हें जुड़वाने तथा नियमानुसार अपात्र नाम हटवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें। बैठक में 7 जनवरी को प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची को स्वच्छ, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करने पर जोर दिया गया।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होना चाहिए और अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जाना चाहिए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से इस कार्य को गंभीरता एवं जिम्मेदारी से पूरा करने की अपील की।

कांग्रेस के निर्वाचन संबंधी मामलों के प्रभारी राघवेंद्र श्रीवास्तव ने मतदाता सूची के परीक्षण की प्रक्रिया और जरूरी बिंदुओं की जानकारी दी। वहीं, शहर संगठन महासचिव सुरेश दुबे ने पदाधिकारियों से निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने का आग्रह किया।

संविधान रक्षा रैली में शामिल होने की अपील
बैठक में आगामी 26 नवंबर को भोपाल में प्रस्तावित संविधान रक्षा रैली को लेकर भी चर्चा हुई। प्रवीण सिंह चौहान ने जिले के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आमजन से अधिक से अधिक संख्या में भोपाल पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने के लिए सभी की भागीदारी जरूरी है।

दर्जनों युवाओं ने ली कांग्रेस की सदस्यता
बैठक के बाद वार्ड क्रमांक 38 में अनिल वैद्य के नेतृत्व में भाजपा से जुड़े दर्जनों युवाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने पार्टी में शामिल हुए युवाओं का स्वागत करते हुए उन्हें सदस्यता दिलाई। कांग्रेस की ओर से बताया गया कि ये युवा भाजपा की रीति-नीति से असंतुष्ट होकर कांग्रेस में शामिल हुए हैं।

कांग्रेस में शामिल होने वालों में कमलेश कुमार साकेत, श्याम कार्तिक वर्मा, अजीत वर्मा, आर्यन वर्मा, रामू वर्मा, पंकज वर्मा और अर्जुन वर्मा सहित अन्य युवा शामिल रहे। बैठक में कृष्णा शाह, शेखर सिंह, पंकज पांडे, शाहिद खान रिंकू, देवी शरण शाह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall