Trending Now

Singrauli News: नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई करें, त्योहारों में कानून-व्यवस्था पर रखें

Rama Posted on: 2026-11-05 11:11:00 Viewer: 111 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई करें, त्योहारों में कानून-व्यवस्था पर रखें Singrauli News: Take strict action against the illegal drug trade, and keep a close watch on law and order during the festive season: Chief Minister

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अधिकारियों को दिए निर्देश

Singrauli News: सिंगरौली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के अधिकारियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। त्योहारों के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही खाद के भंडारण और वितरण की कलेक्टर नियमित निगरानी करें, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली और गोवर्धन पूजा प्रदेशभर में उत्साह के साथ मनाई जाएगी। गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम गौशालाओं में आयोजित किए जाएं और इस अवसर पर गोपाल कृष्ण पुरस्कार से सम्मानित गौपालकों को सम्मानित किया जाए। धनतेरस के दिन स्वामित्व योजना से लाभान्वित गांवों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें मंत्री, सांसद और विधायक शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि स्वामित्व योजना के तहत रीवा जिले में प्रदेश में सर्वाधिक 84.83 प्रतिशत भू-अधिकार पत्रों का पंजीयन हुआ है। छिंदवाड़ा, उज्जैन और सागर जिलों में भी अच्छा कार्य किया गया है।

त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने त्योहारों के दौरान कानून एवं व्यवस्था की स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पटाखों और विस्फोटक पदार्थों की बिक्री एवं भंडारण स्थलों पर लगातार निगरानी रखने तथा बिक्री स्थलों पर सुरक्षा और आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। अवैध रूप से पटाखों की बिक्री और भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप के उपयोग पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराया जाए। उन्होंने दीपावली के अवसर पर बैलगाड़ी दौड़ जैसे पारंपरिक आयोजन कराने की भी बात कही।

नशे के कारोबार पर कार्रवाई के साथ जागरूकता अभियान चलाएं
मुख्यमंत्री ने नशामुक्त भारत अभियान के तहत प्रदेशभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी छात्रावासों और शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की संयुक्त समितियां गठित की जाएं, जो नशे के खिलाफ जागरूकता और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। प्रत्येक छात्रावास में नोडल अधिकारी नियुक्त कर नशामुक्ति अभियान के साथ विद्यार्थियों को करियर संबंधी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक जिले में एनकॉर्ड समिति की बैठक हर माह आयोजित की जाए। नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री, मेडिकल ड्रग्स, केमिकल ड्रग्स और अन्य घातक नशीले पदार्थों की आपूर्ति करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो। ऐसे रसायनों के भंडारण पर भी निगरानी रखी जाए, जिनका औद्योगिक उपयोग होने के बावजूद अवैध नशा बनाने में दुरुपयोग किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने शराब की अवैध बिक्री करने वालों पर कार्रवाई करने, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर निगरानी बढ़ाने तथा ड्रग माफिया के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए। शिक्षण संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

खाद के भंडारण और वितरण की निगरानी करें कलेक्टर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। सभी कलेक्टर खाद के भंडारण और वितरण की लगातार निगरानी करें। ई-टोकन के माध्यम से खाद वितरण में किसी प्रकार की कठिनाई आने पर तत्काल उसका निराकरण कराया जाए, ताकि किसानों को समय पर खाद मिल सके।

उन्होंने कम वर्षा वाले जिलों के कलेक्टरों को फसल कटाई प्रयोग के आधार पर अनावारी रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। इस रिपोर्ट के आधार पर किसानों के फसल बीमा और राहत संबंधी प्रकरण तैयार कराए जाएं।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं सिंगरौली कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी केंद्र से कलेक्टर अंकित अस्थाना, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम., अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी, उप संचालक कृषि मनोज सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह, आबकारी अधिकारी प्रणय श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग रेखा पांचाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall