Trending Now

Singrauli News: कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली फसलों को बढ़ावा

Rama Posted on: 2026-11-05 11:11:00 Viewer: 91 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली फसलों को बढ़ावा Singrauli News: Promotion of crops that give more production in less water

दें, किसानों को दें उन्नत तकनीक: कृषि उत्पादन आयुक्त
फसल बीमा की शिकायतों के निराकरण के लिए किसान संगठनों के साथ बैठक करने के निर्देश

Singrauli News: सिंगरौली। किसानों की आय बढ़ाने और कम पानी में बेहतर उत्पादन सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश में कम जल खपत वाली फसलों को प्रोत्साहित किया जाएगा। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक किसानों को ऐसी फसलों और उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी देंगे। साथ ही प्रेशराइज्ड पाइप माइक्रो सिंचाई प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए सभी जिलों में कार्ययोजना तैयार की जाएगी। ये निर्देश कृषि उत्पादन आयुक्त केसी गुप्ता ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रीवा एवं शहडोल संभाग की खरीफ वर्ष 2026 की समीक्षा और रबी वर्ष 2026-27 की तैयारियों की समीक्षा बैठक में दिए।

कृषि उत्पादन आयुक्त ने कहा कि इस वर्ष पानी और मिट्टी में नमी की कमी को देखते हुए ऐसी फसलों को बढ़ावा देना जरूरी है, जो कम पानी में भी बेहतर उत्पादन दे सकें। इसके लिए कृषि विभाग कस्टम हायरिंग सेंटर के माध्यम से किसानों को उन्नत कृषि मशीनें उपलब्ध कराए। उन्होंने परंपरागत फसलों के साथ व्यावसायिक फसलों को भी प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। रीवा कलेक्टर को मटर का रकबा बढ़ाने के लिए प्रयास करने और इसमें पीडी आत्मा के अमले का सहयोग लेने को कहा। मऊगंज एवं मैहर जैसे नवगठित जिलों में भी रीवा और सतना जिले के कृषि विभाग के अधिकारी उत्पादन बढ़ाने में सहयोग करेंगे।

खाद-बीज की उपलब्धता और गुणवत्ता पर विशेष निगरानी
कृषि उत्पादन आयुक्त ने सभी कलेक्टरों को किसानों के लिए प्रमाणित बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एनपीके और डीएपी खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहे तथा थोक स्तर पर यूरिया की आपूर्ति सभी समितियों तक सुनिश्चित की जाए। समितियों के माध्यम से किसानों को उनकी मांग के अनुसार खाद वितरित किया जाए। अधिक मात्रा में यूरिया का उठाव करने वाले किसानों का सत्यापन भी कराया जाए। खाद और बीज की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

फसल बीमा की शिकायतों का करें निराकरण
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से संबंधित शिकायतों पर चिंता जताते हुए कृषि उत्पादन आयुक्त ने सभी कलेक्टरों को बीमा कंपनियों और किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं और शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

प्रेशराइज्ड पाइपलाइन सिंचाई प्रणाली की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी जिले चरणबद्ध तरीके से प्रेशराइज्ड सिंचाई की दिशा में आगे बढ़ें। किसानों को इस प्रणाली के लाभ बताए जाएं तथा ब्लॉक से जिला स्तर तक सिंचाई की सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार की जाए।

नरवाई जलाने पर रोक लगाने के निर्देश
कृषि उत्पादन आयुक्त ने खेतों में नरवाई जलाने की घटनाओं पर चिंता जताते हुए किसान संगठनों के साथ बैठक कर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने हार्वेस्टर संचालकों को मशीनों में कटर लगाने के निर्देश जारी करने को कहा, ताकि नरवाई का उचित प्रबंधन किया जा सके। कस्टम हायरिंग सेंटर में कटर मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और किसानों को किराए पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

कृषि उपज मंडियों में किसानों के लिए बैठने, पेयजल और छाया की व्यवस्था करने के साथ उपज रखने की सुविधा तथा एटीएम उपलब्ध कराने को कहा। मंडियों में किसानों के प्रवेश और निकास की प्रक्रिया में लगने वाला समय भी कम करने के निर्देश दिए।

पैक्स समितियां शुरू करें नए व्यवसाय
सहकारिता विभाग की समीक्षा करते हुए कृषि उत्पादन आयुक्त ने सभी प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) को व्यावसायिक विविधीकरण अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समितियां पेट्रोल पंप, सुपरमार्केट, विवाह भवन, धर्मकांटा, प्रिंटिंग एवं फोटोग्राफी सेंटर और वेयरहाउस जैसे नए व्यवसाय शुरू कर अपनी आय बढ़ाएं।

रीवा एवं शहडोल संभाग के सहकारी बैंकों को ऋण वसूली में तेजी लाने, जमा राशि बढ़ाने और किसानों को अधिक से अधिक ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सभी दुग्ध उत्पादन समितियों के बैंक खाते सहकारी बैंकों में खुलवाने तथा आगामी सीजन के लिए बीज की मांग समय से भेजने को कहा गया। बताया गया कि रीवा, सतना और मैहर जिले की पैक्स समितियों में कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित किए गए हैं। इनमें सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, बेलर सहित आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध रहेंगे। नई पैक्स समितियों के लिए भूमि आवंटित करने के निर्देश भी दिए गए।

क्लस्टर आधारित उद्यानिकी खेती को मिलेगा बढ़ावा
उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान कृषि उत्पादन आयुक्त ने छोटे-छोटे क्लस्टर बनाकर उद्यानिकी फसलों का रकबा बढ़ाने के निर्देश दिए। बताया गया कि रीवा एवं मऊगंज में आम के क्लस्टर, सीधी, सिंगरौली और सतना में सब्जी उत्पादन तथा मैहर में कट फ्लावर के क्लस्टर को प्रोत्साहित किया जा रहा है। रीवा जिले में वर्तमान में 17 प्रतिशत भूमि पर उद्यानिकी फसलें लगाई जा रही हैं। कृषि उत्पादन आयुक्त ने कहा कि कृषि के बाद उद्यानिकी क्षेत्र का भी जीडीपी में महत्वपूर्ण योगदान है, इसलिए सभी जिले इस दिशा में कार्य करें।

दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए 50 लाख लीटर का लक्ष्य
डेयरी एवं पशुपालन विभाग की समीक्षा में मुख्यमंत्री डेयरी प्लस, डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना और आचार्य विद्यासागर गौ संवर्धन योजना में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना और मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना में भी व्यापक स्तर पर कार्य करने को कहा गया।

कृषि उत्पादन आयुक्त ने सभी ग्राम पंचायतों में दुग्ध उत्पादन समितियां गठित कर मिल्क रूट निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में प्रतिदिन 10 लाख लीटर दूध का संकलन हो रहा है, जिसे आगामी दिनों में बढ़ाकर 50 लाख लीटर करने का लक्ष्य रखा गया है। पशुओं की नस्ल सुधार के लिए कृत्रिम गर्भाधान और एआई तकनीक को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।

कलेक्टरों को चलित पशु चिकित्सा इकाइयों की कमियां दूर कर उन्हें पशुपालकों के लिए उपयोगी बनाने, गौशालाओं में चारा यूनिट संचालित करने और पशु मेलों को व्यवस्थित रूप से पुनर्जीवित करने के निर्देश दिए गए।

मत्स्य उत्पादन और स्मार्ट फिश पार्लर पर भी जोर
मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान मैहर जिले की प्रदेश की सबसे बड़ी हैचरी में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी जिलों में प्रस्तावित स्मार्ट फिश पार्लर की प्रगति की समीक्षा कर नगर पालिकाओं के माध्यम से निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने को कहा गया। व्यावसायिक गतिविधियों वाले स्थानों पर स्मार्ट फिश पार्लर विकसित करने के निर्देश भी दिए गए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान रीवा संभाग के कमिश्नर शैलेंद्र सिंह, संयुक्त आयुक्त वीरेंद्र पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सिंगरौली कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष से कलेक्टर अंकित अस्थाना, सीईओ जिला पंचायत सघनप्रिय, सीईओ जनपद पंचायत देवसर सौम्या मिश्रा, उप संचालक कृषि मनोज सिंह, उपायुक्त सहकारिता पी.के. मिश्रा, उप संचालक उद्यानिकी एच.एल. निमोरिया, उप संचालक मत्स्य मनोज जायसवाल, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. जय सिंह सहित संबंधित अधिकारी शामिल हुए।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall