Trending Now

Singrauli News: सिंगरौली में पुलिस की कॉम्बिंग गश्त, 89 वारंटों पर कार्रवाई, 181 बदमाशों की जांच

Rama Posted on: 2026-10-26 16:16:00 Viewer: 49 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: सिंगरौली में पुलिस की कॉम्बिंग गश्त, 89 वारंटों पर कार्रवाई, 181 बदमाशों की जांच Singrauli News: Police conduct combing patrols in Singrauli; action taken on 89 warrants, 181 miscreants investigated.

17 स्थायी और 72 गिरफ्तारी वारंटों पर कार्रवाई, निगरानीशुदा बदमाशों और गुंडा सूची में शामिल व्यक्तियों का सत्यापन

Singrauli News: सिंगरौली। फरार वारंटियों की धरपकड़ और अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी के लिए सिंगरौली पुलिस ने जिलेभर में विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान 17 स्थायी और 72 गिरफ्तारी वारंटों पर कार्रवाई की गई। इसके साथ ही 95 निगरानीशुदा बदमाशों और 86 सूचीबद्ध गुंडा बदमाशों की चेकिंग एवं सत्यापन किया गया।

पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन और पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा रेंज हेमंत चौहान के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के पर्यवेक्षण में राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों ने पुलिस बल के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त की।

वारंटियों की तलाश, बदमाशों का सत्यापन
अभियान के दौरान पुलिस ने फरार वारंटियों की तलाश कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की। वहीं, निगरानीशुदा और गुंडा सूची में शामिल व्यक्तियों की वर्तमान गतिविधियों तथा उपलब्ध रिकॉर्ड का सत्यापन किया गया। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य अपराध नियंत्रण, असामाजिक गतिविधियों पर निगरानी और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।

संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त के निर्देश
पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. ने थाना और चौकी प्रभारियों को फरार वारंटियों की तलाश तेज करने, आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
सिंगरौली पुलिस ने आम नागरिकों से अपने आसपास किसी संदिग्ध गतिविधि या अपराध संबंधी जानकारी मिलने पर नजदीकी थाना, पुलिस चौकी अथवा पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 7049134457 पर सूचना देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, नागरिकों के सहयोग से जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall