Trending Now

Sidhi News: जिला जेल में बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण, योग और विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

Rama Posted on: 2026-11-17 11:32:00 Viewer: 79 Comments: 0 Country: India City: Sidhi

Sidhi News: जिला जेल में बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण, योग और विधिक जागरूकता शिविर आयोजित Sidhi News: Health check-ups, yoga sessions, and legal awareness camps organized for inmates at the district jail

न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के तहत बंदियों को दी गई निःशुल्क कानूनी सहायता, जमानत और पुनर्वास योजनाओं की जानकारी

Sidhi News: सीधी। जिला जेल में निरुद्ध बंदियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को विशेष शिविर आयोजित किया गया। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देश पर 14 से 20 नवंबर तक आयोजित किए जा रहे ‘न्यायोत्सव : विधिक सेवा सप्ताह’ के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी ने स्वास्थ्य परीक्षण, योगाभ्यास और विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रयाग लाल दिनकर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

शिविर के पहले चरण में बंदियों को तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योगाभ्यास, प्राणायाम एवं ध्यान कराया गया। जिला विधिक सहायता अधिकारी मनीष कौशिक ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का माध्यम है। इससे तनाव कम करने, सकारात्मक सोच विकसित करने और अनुशासित जीवनशैली अपनाने में मदद मिलती है।

दूसरे चरण में जिला चिकित्सालय के समन्वय से चिकित्सकों की टीम ने बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन भी दिया गया।

बंदियों को बताए कानूनी अधिकार और निःशुल्क सहायता के प्रावधान
शिविर के तीसरे चरण में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम की टीम और पैनल अधिवक्ताओं ने विधिक साक्षरता कार्यक्रम के माध्यम से बंदियों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, न्यायालयीन मामलों में उपलब्ध कानूनी सहायता तथा जेल से रिहाई के बाद समाज की मुख्यधारा में पुनर्स्थापना और पुनर्वास से जुड़ी योजनाओं के बारे में बताया गया।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रयाग लाल दिनकर ने बंदियों को विधिक सहायता, अपील, जमानत, प्ली बार्गेनिंग और सालसा की योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बंदियों से सीधे संवाद कर उनके अधिवक्ताओं की उपलब्धता, जेल में भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सा सुविधाओं, परिजनों से मुलाकात और अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी ली।

कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश यतीन्द्र कुमार गुरु, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय दीपक शर्मा, प्रथम जिला न्यायाधीश राकेश कुमार सोनी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विनोद कुमार वर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट सरिता चौधरी, सोनू जैन, अर्पिता त्रिपाठी एवं धीरज आर्य तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी मनीष कौशिक उपस्थित रहे।

इसके अलावा जेल अधीक्षक रविशंकर सिंह, चिकित्सक डॉ. केबी प्रजापति, डॉ. अंकित अवधिया, डॉ. संदीप गुप्ता, डॉ. हिमेश पाठक, डॉ. मोहम्मद उजैर, डॉ. अविनाश पाण्डेय एवं डॉ. प्रिया शर्मा सहित लीगल एड डिफेंस काउंसिल की टीम, योग शिक्षक, शिक्षकगण और जिला जेल का स्टाफ मौजूद रहा।

शिविर के माध्यम से बंदियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और रिहाई के बाद पुनर्वास के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall