Trending Now

IND vs NZ: न्यूजीलैंड के सामने भारतीय बल्लेबाजी ध्वस्त, 89 रन पर सिमटी टीम; 244 रन से मिली करारी हार

Rama Posted on: 2026-11-13 11:51:00 Viewer: 282 Comments: 0 Country: New Zealand City: Auckland

IND vs NZ: न्यूजीलैंड के सामने भारतीय बल्लेबाजी ध्वस्त, 89 रन पर सिमटी टीम; 244 रन से मिली करारी हार IND vs NZ: Indian batting collapses against New Zealand; team bundled out for 89 runs, suffers a crushing 244-run defeat.

मैट हेनरी ने झटके छह विकेट, विल यंग के शतक से न्यूजीलैंड ने खड़ा किया 333 रन का स्कोर; सीरीज में भारत अब भी 2-1 से आगे

IND vs NZ: मौनगानुई। न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज के चौथे मुकाबले में भारतीय टीम को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को माउंट मौनगानुई के बे-ओवल मैदान पर खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को 244 रन से करारी शिकस्त दी। 334 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम महज 89 रन पर ढेर हो गई। न्यूजीलैंड की इस जीत के हीरो तेज गेंदबाज मैट हेनरी रहे, जिन्होंने 27 रन देकर छह विकेट झटके। वहीं, विल यंग ने शानदार 125 रन की शतकीय पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

इस हार के बावजूद भारतीय टीम पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे है। भारत ने शुरुआती दोनों मुकाबले जीते थे, जबकि तीसरा मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। चौथे वनडे में जीत के साथ न्यूजीलैंड ने सीरीज में वापसी की है। मैट हेनरी को शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

विल यंग के शतक से न्यूजीलैंड ने बनाए 333 रन
टॉस जीतकर भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट पर 333 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज विल यंग ने 108 गेंदों पर 125 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 14 चौके और चार छक्के शामिल रहे। दूसरे सलामी बल्लेबाज टिम सिफर्ट ने भी 48 गेंदों पर 58 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। फिन एलन ने 30 गेंदों पर 41 रन बनाए। इसके अलावा मिचेल सैंटनर ने 24, क्रिस्टियन क्लार्क ने 22 और काइल जेमीसन ने नाबाद 19 रन का योगदान दिया। भारत की ओर से अक्षर पटेल, गुरनूर बराड़ और औकिब नबी ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि अर्शदीप सिंह और नमन धीर को एक-एक सफलता मिली।

मैट हेनरी के कहर से भारतीय बल्लेबाजी ध्वस्त
334 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने पारी के पहले ही ओवर में भारत को तीन बड़े झटके दिए। उन्होंने पहली गेंद पर रोहित शर्मा को आउट किया और इसी ओवर में विराट कोहली तथा कप्तान श्रेयस अय्यर को भी पवेलियन भेज दिया। तीनों बल्लेबाज खाता तक नहीं खोल सके।

शुरुआती झटकों से भारतीय टीम उबर नहीं पाई। ऋतुराज गायकवाड़ पांच रन बनाकर आउट हुए, जबकि ईशान किशन ने 53 गेंदों पर 27 रन बनाए। नमन धीर ने 21 रन का योगदान दिया। इनके अलावा औकिब नबी पांच, कुलदीप यादव एक और गुरनूर बराड़ दो रन बनाकर पवेलियन लौट गए। भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई और पूरी टीम 89 रन पर सिमट गई। न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी ने 27 रन देकर छह विकेट झटके। मैथ्यू फिशर ने 31 रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि काइल जेमीसन को एक सफलता मिली।

वनडे में भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार
244 रन से मिली यह हार वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम की अब तक की दूसरी सबसे बड़ी हार है। इससे पहले वर्ष 2000 में भारत को श्रीलंका के खिलाफ 245 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली इस हार में भारतीय टीम उस रिकॉर्ड की बराबरी करने से सिर्फ एक रन दूर रह गई। दो रन का अंतर होता तो भारत की वनडे इतिहास की सबसे बड़ी हार का रिकॉर्ड बन जाता।

सीरीज में भारत 2-1 से आगे, पांचवें मैच पर नजर
पांच मैचों की सीरीज में भारत ने शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर 2-0 की बढ़त बनाई थी। पहला वनडे भारत ने पांच विकेट और दूसरा चार रन से अपने नाम किया था। तीसरा मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया। चौथे मैच में न्यूजीलैंड ने 244 रन से जीत दर्ज कर सीरीज का अंतर 2-1 कर दिया है। अब सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला 15 नवंबर को माउंट मौनगानुई में खेला जाएगा। भारतीय टीम की कोशिश आखिरी मुकाबला जीतकर सीरीज अपने नाम करने की होगी, जबकि न्यूजीलैंड की टीम जीत के साथ सीरीज बराबर करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत: रोहित शर्मा, ऋतुराज गायकवाड़, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नमन धीर, औकिब नबी, कुलदीप यादव, गुरनूर बराड़ और अर्शदीप सिंह।

न्यूजीलैंड: टिम सिफर्ट (विकेटकीपर), विल यंग, निक केली, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जेमीसन, मैट हेनरी और मैथ्यू फिशर।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall