Trending Now

Sonbhadra News: 25 किलो गांजा और हेरोइन के साथ तीन गिरफ्तार, तस्करी में इस्तेमाल दो कारें भी जब्त

Rama Posted on: 2026-11-27 14:39:00 Viewer: 35 Comments: 0 Country: India City: Sonbhadra

Sonbhadra News: 25 किलो गांजा और हेरोइन के साथ तीन गिरफ्तार, तस्करी में इस्तेमाल दो कारें भी जब्त Sonbhadra News: Three arrested with 25 kg of ganja (cannabis) and heroin; two cars used for smuggling also seized

सोनभद्र में ऑपरेशन शुद्धि के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, 24,200 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद

Sonbhadra News: सोनभद्र। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 25 किलो गांजा, 6 ग्राम हेरोइन, तीन मोबाइल फोन और 24,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो कारें भी जब्त की गई हैं। यह कार्रवाई 27 नवंबर को चुर्क मार्ग पर सहिजन गांव के पास की गई।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन शुद्धि चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्र की निगरानी और रॉबर्ट्सगंज थाना प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी।

इसी दौरान चुर्क जाने वाले मार्ग पर सहिजन शराब भट्टी के सामने तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 25 बंडलों में रखा 25 किलो गांजा और 6 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। तलाशी में तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा हेरोइन की खरीद-बिक्री से प्राप्त 24,200 रुपये नकद भी मिले।

बिना नंबर प्लेट की दो कारें भी बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की सिल्वर रंग की होंडा सिटी और टाटा पंच कार बरामद की। पुलिस को आशंका है कि इन वाहनों का इस्तेमाल मादक पदार्थों की तस्करी में किया जा रहा था। दोनों वाहनों को जब्त कर सीज कर दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. उमर उर्फ बब्लु खान (39), निवासी बहुअरा (हिन्दुआरी), रॉबर्ट्सगंज, अंशू गिरी उर्फ गोलू (24), निवासी परसिया (रामगढ़), थाना पन्नूगंज तथा पुष्पराज यादव उर्फ श्याम (24), निवासी जैत, रॉबर्ट्सगंज के रूप में की है। इस मामले में रॉबर्ट्सगंज थाने में मुकदमा संख्या 952/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/21/27ए/29/60 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(2)(ए) के तहत कार्रवाई की गई है।

तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी मिली है। अब जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस नशीले पदार्थों की आपूर्ति के स्रोत, तस्करी में शामिल अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall