Singrauli News: सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती, तीन दिन में होगी वाहनों की फिटनेस और लाइसेंस की जांच

Rama Posted on: 2026-11-20 12:02:00 Viewer: 81 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती, तीन दिन में होगी वाहनों की फिटनेस और लाइसेंस की जांच Singrauli News: Stricter measures for road safety; vehicle fitness and licenses to be checked over the next three days.

दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश

Singrauli News: सिंगरौली। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने विभिन्न स्तरों पर सुधार की तैयारी शुरू कर दी है। दुर्घटना संभावित स्थलों का सुधार, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, भारी वाहनों के लिए निर्धारित रूट का पालन और वाहनों की फिटनेस जांच को लेकर संबंधित विभागों को समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन विभाग को तीन दिवस के भीतर वाहनों की फिटनेस जांच एवं प्रमाणन पूरा करने के साथ चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच करने को कहा गया है। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले की यातायात व्यवस्था और दुर्घटनाओं की रोकथाम से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई। बैठक में दुर्घटना संभावित स्थलों (हॉटस्पॉट) को चिन्हित कर आवश्यक सुधार कराने, प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाने और जरूरत के अनुसार सड़क चौड़ीकरण कराने के निर्देश दिए गए। दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

एनएच-39 सहित प्रमुख मार्गों पर होंगे सुरक्षा इंतजाम
रात्रिकालीन आवागमन को सुरक्षित बनाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-39 सहित जिले के प्रमुख मार्गों पर संकेतक, डायवर्जन बोर्ड, रिफ्लेक्टिव एवं रेडियम पट्टियां लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे वाहन चालकों को रात के समय सड़क के मोड़, डायवर्जन और दुर्घटना संभावित स्थानों की जानकारी मिल सकेगी।

वहीं, लंबे समय से क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग, एमपी जेएसवाई, एमपीआरडीसी एवं एनएचएआई को अपने-अपने क्षेत्र की सड़कों का सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए गए। सड़कों के क्षतिग्रस्त किनारों की मरम्मत भी प्राथमिकता से कराई जाएगी। विद्यालयों और चिकित्सालयों के आसपास आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर बनाए जाएंगे। परसोना-खुटार मार्ग पर एक माह के भीतर स्पीड ब्रेकर निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

सड़क किनारे लगने वाले हाट-बाजार होंगे स्थानांतरित
प्रमुख मार्गों पर लगने वाले हाट-बाजार और बड़े वाहनों की बेतरतीब पार्किंग से यातायात प्रभावित होने की समस्या को देखते हुए बाजारों के लिए वैकल्पिक स्थल चिन्हित करने को कहा गया है। संबंधित ग्राम पंचायतें उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराएंगी, ताकि मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने और आवागमन बाधित न हो।

गिट्टी, रेत और राखड़ परिवहन में लगे वाहनों के लिए निर्धारित रूट का पालन अनिवार्य किया जाएगा। क्रेशर प्लांट से गिट्टी परिवहन करने वाले वाहनों सहित रेत और राखड़ परिवहन में लगे वाहनों द्वारा निर्धारित मार्ग का उल्लंघन किए जाने पर कार्रवाई होगी। परिवहन के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त होने पर संबंधित परिवहनकर्ताओं की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।

बैठक में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम, धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम, महापौर रानी अग्रवाल, कलेक्टर अंकित अस्थाना, जिला पंचायत सीईओ संघप्रिय, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, जनपद अध्यक्ष देवसर प्रणव पाठक, जनपद अध्यक्ष चितरंगी सिया दुलारी एवं विधायक प्रतिनिधि रविन्द्र चतुर्वेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके अलावा अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, एसडीएम सुरेश जाधव, एसडीएम चितरंगी देवेन्द्र द्विवेदी, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, जिला परिवहन अधिकारी मनीष त्रिपाठी, लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन यंत्री तेजस्वनी शुक्ला तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall