Trending Now

Singrauli News: रोजगार के मुद्दे पर कैलिबर माइनिंग प्रबंधन से बैठक, 230 युवाओं के रिज्यूम जमा

Rama Posted on: 2026-09-17 11:23:00 Viewer: 37 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: रोजगार के मुद्दे पर कैलिबर माइनिंग प्रबंधन से बैठक, 230 युवाओं के रिज्यूम जमा Singrauli News: Meeting with Caliber Mining management regarding employment; resumes of 230 youths submitted.

विस्थापित-प्रभावित युवाओं को प्राथमिकता देने पर चर्चा, प्रशासन की निगरानी में पारदर्शी भर्ती की मांग

Singrauli News: सिंगरौली। कैलिबर माइनिंग में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के मुद्दे पर 11 सितंबर को हुए आंदोलन के बाद बुधवार को प्रशासन, एनसीएल, कैलिबर माइनिंग प्रबंधन और स्थानीय युवाओं के बीच बैठक हुई। बैठक में स्थानीय युवाओं की भर्ती, विस्थापित एवं प्रभावित परिवारों को प्राथमिकता और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिसोदिया ने स्थानीय युवाओं के रोजगार का मुद्दा उठाते हुए बताया कि आंदोलन के दौरान 230 युवाओं के रिज्यूम जमा किए गए थे। इनमें विस्थापित, प्रभावित और स्थानीय युवा शामिल हैं।

बैठक में रोजगार प्रक्रिया को लेकर चर्चा के दौरान यह बात सामने आई कि जिन युवाओं की जमीन पहले प्रभावित अथवा अधिग्रहित हो रही है, उन्हें प्राथमिकता दिए जाने के बाद अन्य प्रभावित एवं स्थानीय युवाओं को अवसर देने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। युवाओं की सूची आवश्यक सत्यापन के लिए एनसीएल प्रबंधन, दूधीचुआ को उपलब्ध कराई गई है।

प्रशासन की निगरानी में भर्ती की मांग
बैठक की अध्यक्षता कर रहे तहसीलदार अभिषेक यादव ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से कराने की बात कही। वहीं सिसोदिया ने मांग रखी कि भर्ती के लिए खुले मैदान में टेस्ट एवं इंटरव्यू कराए जाएं और पूरी प्रक्रिया प्रशासन की निगरानी में संपन्न हो। उन्होंने एनसीएल, कैलिबर माइनिंग और प्रशासन की मौजूदगी में योग्य उम्मीदवारों का चयन कर तत्काल जॉइनिंग लेटर देने की मांग भी रखी।

कंपनी ने प्रक्रिया सुधारने की बात कही
बैठक में भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। कंपनी प्रबंधन की ओर से भर्ती प्रक्रिया में सामने आई समस्याओं को सुधारने तथा प्रक्रिया को बेहतर बनाने की बात कही गई। सिसोदिया ने कहा कि युवाओं के रोजगार के अधिकार से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि आश्वासनों पर अमल नहीं हुआ और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई तो युवा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अनिश्चितकालीन धरना और आगे का आंदोलन करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि विस्थापित, प्रभावित एवं स्थानीय युवाओं को रोजगार का अवसर और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित कराने के लिए है।

बैठक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मोरवा अध्यक्ष शेखर सिंह, प्रदेश प्रवक्ता परिवहन प्रकोष्ठ राजेश सिंह, प्रदेश वन एवं पर्यावरण सचिन डैनी सिंह, पूर्व युवा जिला अध्यक्ष सूर्या द्विवेदी, मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस सचिव विजय सिंह बिष्ट, ब्लॉक अध्यक्ष युवा कांग्रेस मोरवा सुनील पांच लाल यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण युवा एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall