Trending Now

Singrauli News: रोडरेज के बाद खूनी वारदात: भूपेंद्र पर चाकू से दो वार, वाराणसी ले जाते समय मौत

Rama Posted on: 2026-11-18 13:01:00 Viewer: 155 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: रोडरेज के बाद खूनी वारदात: भूपेंद्र पर चाकू से दो वार, वाराणसी ले जाते समय मौत Singrauli News: Bloody incident following road rage; Bhupendra stabbed twice, dies while being transported to Varanasi

वाहन को रास्ते से उतारने के बाद शुरू हुआ विवाद, पीछा कर युवक पर किया हमला; छह आरोपी शामिल, चार गिरफ्तार, दो फरार

Singrauli News: सिंगरौली। जिले के जयंत चौकी क्षेत्र में मामूली वाहन विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। रोडरेज के बाद हुए विवाद में हमलावरों ने भूपेंद्र सिंह उर्फ राजन पर चाकू से दो वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को नेहरू शताब्दी चिकित्सालय, जयंत ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। हालांकि, परिजन उसे लेकर वाराणसी जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जयंत क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

मृतक की पहचान सेक्टर-बी, दुधिचुआ निवासी भूपेंद्र सिंह उर्फ राजन के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वहीं, वारदात को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

वाहन विवाद के बाद किया पीछा, फिर चाकू से हमला
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भूपेंद्र सिंह अपने वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे कुछ युवकों ने कथित तौर पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनके वाहन को सड़क से नीचे उतरने पर मजबूर कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने भूपेंद्र के वाहन का पीछा किया और उन्हें रोककर विवाद करने लगे। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान आरोपियों ने भूपेंद्र पर चाकू से दो वार किए। एक वार सिर पर और दूसरा पेट में आंतों वाले हिस्से पर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

जयंत अस्पताल से वाराणसी रेफर, रास्ते में तोड़ा दम
हमले के बाद घायल भूपेंद्र को तत्काल नेहरू शताब्दी चिकित्सालय, जयंत पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर वाराणसी रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।

छह आरोपी वारदात में शामिल, चार पुलिस गिरफ्त में
जयंत चौकी प्रभारी पवन सिंह के मुताबिक, परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार इस वारदात में कुल छह आरोपी शामिल थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। मामूली वाहन विवाद में युवक की जान चले जाने की इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर बढ़ती आक्रामकता और हिंसक व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall