Singrauli News: कमरे का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया जेल

Rama Posted on: 2026-11-02 13:02:00 Viewer: 51 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: कमरे का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया जेल Singrauli News: Accused who committed theft by breaking the lock of a room arrested; sent to jail in judicial custody

जियावन पुलिस की कार्रवाई, चोरी के 8 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त

Singrauli News: सिंगरौली। जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई के तहत जियावन पुलिस ने कमरे का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के 8 मोबाइल फोन एवं वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय देवसर में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी गंगाशरण पिता रामवीर सिंह उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम हरिचंदेल, थाना जियावन ने 1 नवंबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब 3 बजे एक व्यक्ति घर में घुसकर दो मोबाइल फोन और 40 हजार रुपये नकद चोरी कर भाग रहा था। पकड़े जाने पर पूछताछ में उसने अपना नाम अरविंद कुशवाहा पिता गणेश कुशवाहा, निवासी कठुआ, थाना चितरंगी, जिला सिंगरौली बताया। वहीं उसका एक अन्य साथी बब्बू बंसल उर्फ बाबूराम बंसल, निवासी नंदगांव, थाना नवानगर, अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

रिपोर्ट पर थाना जियावन में अपराध क्रमांक 722/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(ए) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पूछताछ के दौरान संदेही अरविंद कुशवाहा ने अपने साथी बब्बू बंसल उर्फ बाबूराम बंसल के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। दोनों ने बैढ़न से देवसर तक कुल 14 मोबाइल फोन एवं 40 हजार रुपये की चोरी करना बताया। आरोपी अरविंद कुशवाहा ने 8 मोबाइल फोन एवं चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल पुलिस के समक्ष पेश की, जिन्हें जब्ती पत्रक के अनुसार जब्त कर सुरक्षार्थ थाना में रखा गया।

आरोपी के विरुद्ध आरोप प्रमाणित पाए जाने पर अरविंद कुशवाहा (20 वर्ष) को 1 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय देवसर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेशचन्द्र मिश्रा, उपनिरीक्षक तेजबहादुर सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, प्रधान आरक्षक 399 बजरंग सिंह, आरक्षक 79 प्रभात कुमार दुबे एवं आरक्षक बृजेन्द्र सिंह की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेशचन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall