Singrauli News: सामाजिक बदलाव में प्रस्फुटन समितियों की भूमिका पर मंथन, सदस्यों को दिया गया प्रशिक्ष
Singrauli News: माजन मोड़–परसौना मार्ग पर अंधेरे का राज, जर्जर सड़क
Sidhi News: नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 28 नवंबर को, सीधी में 3585 विद्यार्थी देंगे परीक्षा
Singrauli News: अवैध खनिज परिवहन करते 7 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त, खनिज विभाग की कार्रवाई
Sidhi News: 12 दिसंबर को नेशनल लोक अदालत, मोटर दुर्घटना और चेक बाउंस के मामलों में समझौते पर रहेगा फ
5.6 magnitude earthquake strikes Nepal’s Koshi province close to China border
Unincorporated Sector Records 29% Growth in Establishments, Employment Rises 33%: MoSPI
Extreme poverty has declined from 27.1% to 2.6%, says Shivraj Singh Chouhan
PM Modi extends greetings on Kartik Purnima, Dev Deepawali
PM Modi pays tribute to Lachit Borphukan, lauds his leadership
Sidhi News: National Lok Adalat to be held on December 12; focus will be on settlements in motor accident and cheque bounce cases.
अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण की तैयारी, न्यायिक अधिकारियों, बीमा कंपनियों और अधिवक्ताओं के बीच हुई बैठक
Sidhi News: सीधी। न्यायालयों में लंबित मामलों का आपसी सहमति से त्वरित निराकरण कराने के उद्देश्य से 12 दिसंबर 2026 को नेशनल लोक अदालत आयोजित की जाएगी। इसमें मोटर दुर्घटना दावा और चेक बाउंस से जुड़े मामलों के निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक प्रकरणों का समझौते के आधार पर निपटारा कराने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इसी सिलसिले में सोमवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रयाग लाल दिनकर की अध्यक्षता में न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित प्रकरणों को चिन्हित करने, पक्षकारों को समझौते के लिए तैयार करने और आवश्यक दस्तावेज पहले से उपलब्ध कराने की रणनीति पर चर्चा हुई।
विशेष न्यायाधीश एवं नेशनल लोक अदालत के प्रभारी अधिकारी यतीन्द्र कुमार गुरु तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रजनी प्रकाश बाथम के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, न्यायिक मजिस्ट्रेट, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के प्रतिनिधि, बीमा कंपनियों के पैनल अधिवक्ता और आवेदक पक्ष के अधिवक्ता शामिल हुए।
दुर्घटना दावा मामलों में जल्द मुआवजे की पहल
बैठक में मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों को चिन्हित कर उनके शीघ्र निराकरण की तैयारी करने के निर्देश दिए गए। बीमा कंपनियों के पैनल अधिवक्ताओं से प्रत्येक मामले के आवश्यक दस्तावेज और समझौता प्रस्ताव तैयार रखने को कहा गया। वहीं, आवेदक पक्ष के अधिवक्ताओं से अपने पक्षकारों को आपसी समझौते के लाभ समझाने की अपेक्षा की गई।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि मोटर दुर्घटना दावा मामलों में समझौता होने से पीड़ित परिवारों को मुआवजा राशि शीघ्र मिल सकती है और उन्हें लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिलती है। इससे बीमा कंपनियों को भी अनावश्यक मुकदमेबाजी से बचने का अवसर मिलता है।
चेक बाउंस मामलों में प्री-काउंसलिंग से समझौते की कोशिश
एनआई एक्ट की धारा 138 के तहत दर्ज चेक बाउंस मामलों में भी समझौते की संभावनाओं पर चर्चा की गई। ऐसे प्रकरणों में प्री-काउंसलिंग और प्री-सिटिंग के माध्यम से पक्षकारों को बुलाकर आपसी सहमति बनाने के प्रयास किए जाएंगे। न्यायिक मजिस्ट्रेटों को चिन्हित मामलों की सूची तैयार कर संबंधित पक्षकारों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। बीमा कंपनियों और आवेदक पक्ष के अधिवक्ताओं के बीच समन्वय बनाकर समझौता प्रस्तावों को अंतिम रूप देने की बात भी कही गई।
गांवों तक पहुंचाई जाएगी लोक अदालत की जानकारी
नेशनल लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए पैरालीगल वॉलेंटियर्स को ग्रामीण क्षेत्रों, बस स्टैंड, न्यायालय परिसर, तहसीलों और प्रमुख चौराहों पर आमजन को जागरूक करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। इस दौरान राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्पलाइन 15100 का भी प्रचार किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि लोक अदालत सस्ता, सुलभ और शीघ्र न्याय पाने का प्रभावी माध्यम है। इसमें पक्षकारों की आपसी सहमति से पारित समझौता अंतिम और बाध्यकारी होता है तथा उसके विरुद्ध अपील का प्रावधान नहीं है।
बैठक में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश सतीश मणि त्रिपाठी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विनोद कुमार वर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सोनू जैन, जिला विधिक सहायता अधिकारी मनीष कौशिक सहित अधिवक्ता राजेन्द्र सिंह परिहार, यज्ञप्रताप सिंह, रामभजन गुप्ता एवं परमसुख शुक्ला उपस्थित रहे।
जिला विधिक सहायता अधिकारी मनीष कौशिक ने आमजन से अपील की है कि मोटर दुर्घटना दावा, चेक बाउंस, पारिवारिक विवाद, शमनीय आपराधिक मामले, बैंक ऋण, विद्युत, दूरसंचार, राजस्व सहित अन्य समझौता योग्य प्रकरणों के पक्षकार 12 दिसंबर को आयोजित नेशनल लोक अदालत में अपने मामलों का निराकरण कराने के लिए संबंधित न्यायालय अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सीधी से संपर्क करें।