Trending Now

Delhi News: दिल्ली के चार स्पा सेंटरों पर पुलिस की छापेमारी, 29 महिलाएं मुक्त; 15 लोग पकड़े गए

Rama Posted on: 2026-11-27 14:39:00 Viewer: 86 Comments: 0 Country: India City: New Delhi

Delhi News: दिल्ली के चार स्पा सेंटरों पर पुलिस की छापेमारी, 29 महिलाएं मुक्त; 15 लोग पकड़े गए Delhi News: Police raid four spa centers in Delhi; 29 women rescued, 15 individuals arrested.

मसाज सेंटरों की आड़ में कथित देह व्यापार का मामला, नबी करीम, पहाड़गंज और करोल बाग में एक साथ कार्रवाई

Delhi News: नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित रूप से देह व्यापार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। सेंट्रल जिला पुलिस ने 26 नवंबर को नबी करीम, पहाड़गंज और करोल बाग क्षेत्र के चार स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर 29 महिलाओं को मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान स्पा संचालकों, मैनेजर, रिसेप्शनिस्ट और ग्राहकों सहित 15 लोगों को पकड़ा गया। पुलिस ने चारों स्पा सेंटरों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम (आईटीपी एक्ट) के तहत मामले दर्ज किए हैं।

पुलिस के अनुसार, इन स्पा सेंटरों में मसाज और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। शिकायतों की पुष्टि के लिए संबंधित थानों की पुलिस टीमों ने पहले डिकॉय ग्राहक भेजे। प्रारंभिक जांच में संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने चारों स्थानों पर एक साथ छापेमारी की।

नबी करीम और पहाड़गंज में पुलिस की कार्रवाई
नबी करीम थाना पुलिस ने रामनगर स्थित ए-वन स्पा एंड सैलून में छापेमारी कर छह महिलाओं को मुक्त कराया। पुलिस ने मौके से स्पा के मालिक, सह-मालिक और मैनेजर सहित आठ लोगों को पकड़ा। इस मामले में आईटीपी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज करने के साथ स्पा संचालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 223ए के तहत भी कार्रवाई की गई।

इसी तरह पहाड़गंज के मेन बाजार स्थित ऑर्गेनिक स्पा में कार्रवाई के दौरान तीन महिलाओं को मुक्त कराया गया। पुलिस के मुताबिक, यहां मैनेजर ग्राहकों को मसाज सेवाओं के अलावा अतिरिक्त सेवाएं देने की पेशकश कर कथित देह व्यापार संचालित कर रही थी। मौके से पांच हजार रुपये नकद, तीन कंडोम, ग्राहक रजिस्टर और पेन बरामद किए गए। पुलिस ने मैनेजर को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध कार्रवाई की।

करोल बाग के दो स्पा सेंटरों से 20 महिलाएं मुक्त
करोल बाग स्थित मौर्य स्पा और हेरिटेज स्पा में भी पुलिस ने डिकॉय ग्राहकों के माध्यम से कार्रवाई की। मौर्य स्पा में ग्राहक बनकर पहुंचे पुलिसकर्मी ने कथित अतिरिक्त सेवा के लिए 1,500 रुपये का भुगतान किया। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर 10 महिलाओं को मुक्त कराया। मौके से दो मैनेजर सहित छह लोगों को पकड़ा गया।

वहीं, हेरिटेज स्पा में भी डिकॉय ग्राहक ने कथित अतिरिक्त सेवाओं के लिए एक हजार रुपये नकद और एक हजार रुपये ऑनलाइन भुगतान किए। गतिविधियों की पुष्टि के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए यहां से 10 महिलाओं को मुक्त कराया तथा रिसेप्शनिस्ट-कम-मैनेजर को पकड़ा।

पुलिस ने चारों स्पा सेंटरों के खिलाफ आईटीपी एक्ट की धारा 3, 4 और 5 के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं। छापेमारी के दौरान नकदी, ग्राहक रजिस्टर, लाइसेंस संबंधी दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराने पर दो स्पा सेंटरों पर केस
स्पा सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई के अलावा पटेल नगर थाना पुलिस ने ईस्ट पटेल नगर स्थित द पैलेस स्पा और द गैलेक्सी स्पा के प्रबंधकों के खिलाफ भी मामले दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था। पूछताछ के दौरान प्रबंधकों ने कर्मचारियों का सत्यापन नहीं कराने की बात स्वीकार की। इसके बाद दोनों मामलों में बीएनएस की धारा 223(ए) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए।पुलिस सभी मामलों की विस्तृत जांच कर रही है। साथ ही पकड़े गए लोगों की भूमिका और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लोगों की संलिप्तता का पता लगाया जा रहा है।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall