Singrauli News: दो साल से सड़क निर्माण का इंतजार, अंबेडकर चौक-बलियरी मार्ग पर धूल से बेहाल रहवासी

Rama Posted on: 2026-11-17 11:32:00 Viewer: 76 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: दो साल से सड़क निर्माण का इंतजार, अंबेडकर चौक-बलियरी मार्ग पर धूल से बेहाल रहवासी Singrauli News: Residents endure misery due to dust on the Ambedkar Chowk-Baliyari road, which has been awaiting construction for two years.

जर्जर सड़क से उड़ रही धूल घरों तक पहुंच रही, सड़क निर्माण तक नियमित पानी छिड़काव की मांग

Singrauli News: सिंगरौली। अंबेडकर चौक से बलियरी जाने वाला मार्ग लंबे समय से बदहाली का शिकार है। करीब दो साल से सड़क निर्माण की प्रतीक्षा कर रहे स्थानीय रहवासी अब धूल और डस्ट की समस्या से जूझ रहे हैं। दिनभर वाहनों की आवाजाही से सड़क पर धूल के गुबार उठते हैं, जो आसपास के घरों में पहुंच रहे हैं। लोगों का कहना है कि हालात ऐसे हो गए हैं कि घरों के दरवाजे-खिड़कियां बंद रखने के बावजूद धूल से राहत नहीं मिल रही। इसके बावजूद नगर निगम की ओर से सड़क निर्माण और धूल नियंत्रण के लिए प्रभावी पहल नहीं की जा रही है।

स्थानीय रहवासियों के अनुसार, बरसात के दौरान सड़क पर जलभराव और गड्ढों के कारण आवागमन मुश्किल था। अब बारिश थमने के बाद सड़क से उड़ती धूल ने नई परेशानी खड़ी कर दी है। जर्जर मार्ग पर वाहनों के गुजरने से धूल का गुबार उठता है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों, पैदल राहगीरों और आसपास रहने वाले परिवारों को परेशानी हो रही है। लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं कराया गया। खराब सड़क के कारण हाथ ठेला संचालकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

टैक्स देने के बाद भी बुनियादी सुविधा से वंचित क्यों?
लगातार उपेक्षा से नाराज रहवासियों ने नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब वे नियमित रूप से नगर निगम को टैक्स देते हैं, तो फिर उनके क्षेत्र की सड़क और धूल की समस्या पर ध्यान क्यों नहीं दिया जा रहा? लोगों ने बताया कि शहर के दूसरे प्रमुख मार्गों पर वाटर स्प्रिंकलर टैंकर से पानी का छिड़काव कराया जाता है, लेकिन अंबेडकर चौक-बलियरी मार्ग पर ऐसी व्यवस्था नहीं की जा रही है। रहवासियों ने सवाल उठाया कि क्या इस क्षेत्र के लोग नगर निगम को टैक्स नहीं देते?

स्कूली बच्चों और कर्मचारियों का भी इसी मार्ग से आवागमन
यह मार्ग आसपास के आधा दर्जन स्कूलों के विद्यार्थियों, कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों और प्रतिदिन आवागमन करने वाले सैकड़ों लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में सड़क से उठने वाली धूल का सीधा असर बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों पर पड़ रहा है। लगातार धूल के संपर्क में रहने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की आशंका भी बनी हुई है।

एक साल से जर्जर विद्युत पोल, हादसे की आशंका
सड़क की बदहाली के साथ स्थानीय लोगों ने मार्ग पर लगे एक विद्युत पोल की जर्जर स्थिति पर भी चिंता जताई है। रहवासियों के मुताबिक, यह पोल करीब एक साल से खराब हालत में है और कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकता है। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से तत्काल निरीक्षण कर जर्जर पोल हटाने और उसके स्थान पर नया पोल लगाने की मांग की है।

सड़क बनने तक पानी छिड़काव की मांग
स्थानीय रहवासियों ने वार्ड पार्षद, नगर निगम अध्यक्ष, महापौर और आयुक्त से हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण शुरू होने तक वाटर स्प्रिंकलर टैंकर से नियमित पानी का छिड़काव कराया जाए, ताकि धूल से कुछ राहत मिल सके। इसके साथ ही लंबित सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए और जर्जर विद्युत पोल को बदला जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो उनकी परेशानी लगातार बनी रहेगी।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall