Singrauli News: रेत विवाद में युवक की हत्या का आरोपी गिरफ्तार, घटना के बाद से था फरार

Rama Posted on: 2026-11-17 11:32:00 Viewer: 85 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: रेत विवाद में युवक की हत्या का आरोपी गिरफ्तार, घटना के बाद से था फरार Singrauli News: Man arrested for murder linked to a sand dispute; he had been absconding since the incident.

ट्रैक्टर रोकने पहुंचे अरुण कोल को कुचलने का आरोप; खुटार पुलिस ने दबोचा

Singrauli News: सिंगरौली। बैढ़न थाना क्षेत्र के खुटार चौकी अंतर्गत ग्राम बिहरा में रेत विवाद के दौरान ट्रैक्टर से कुचलकर युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी सुनील कुमार पटेल (28) को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 15 नवंबर को अबरहवा नाला के पास हुई थी। रेत उठाने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी पर ट्रैक्टर से युवक को कुचलने का आरोप है। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया था।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बिहरा निवासी छोटेलाल कोल अपने परिवार के साथ अबरहवा नाला पहुंचे थे। वहां सुनील कुमार पटेल ट्रैक्टर से रेत उठा रहा था। इसी दौरान अरुण कोल ने उसे रेत उठाने से मना किया। अरुण का कहना था कि संबंधित रेत उसके पट्टे की है और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकान के निर्माण में उपयोग होनी है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

ट्रैक्टर रोकने की कोशिश में गई जान
पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपी ने ट्रैक्टर में लोड रेत पलटकर वहां से भागने का प्रयास किया। अरुण कोल ने ट्रैक्टर रोकने की कोशिश की, तभी आरोपी ने वाहन तेज गति से आगे बढ़ा दिया। इस दौरान ट्रॉली का पहिया अरुण की कमर के ऊपर चढ़ गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर बैढ़न थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सूचनाकर्ता और गवाहों के बयान, शव पंचनामा, शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा घटनास्थल निरीक्षण के आधार पर सुनील कुमार पटेल के विरुद्ध अपराध क्रमांक 1510/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया।

घटना के बाद से चल रही थी तलाश
वारदात के बाद से आरोपी फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए खुटार चौकी पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की विवेचना जारी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार के मार्गदर्शन तथा बैढ़न थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में खुटार चौकी प्रभारी अमन, एएसआई मनीष सेन सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका रही।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall