Trending Now

Singrauli News: राज्यमंत्री की मौजूदगी में बर्दी में लगा जन विश्वास शिविर, महिला समूहों को मिले 12 ल

Rama Posted on: 2026-10-17 11:03:00 Viewer: 54 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: राज्यमंत्री की मौजूदगी में बर्दी में लगा जन विश्वास शिविर, महिला समूहों को मिले 12 ल Singrauli News: 'Jan Vishwas Shivir' (Public Trust Camp) held in Bardi in the presence of a Minister of State; women's groups receive loan sanction letters worth Rs 12 lakh.

लाड़ली लक्ष्मी योजना की हितग्राहियों को लाभ, ग्रामीणों की समस्याओं के समयबद्ध निराकरण पर दिया जोर

Singrauli News: सिंगरौली। चितरंगी विकासखंड की ग्राम पंचायत बर्दी में जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह शामिल हुईं। शिविर में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने, ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण और महिला स्वसहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। इस दौरान दो महिला स्वसहायता समूहों को कुल 12 लाख रुपये के बैंक ऋण स्वीकृति एवं वितरण पत्र प्रदान किए गए। वहीं, लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत तीन बालिकाओं को लाभान्वित किया गया।

राज्यमंत्री राधा सिंह ने कहा कि जन विश्वास अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने की पहल है। शासन की मंशा है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों को शासकीय सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को ग्रामीणों की समस्याएं संवेदनशीलता से सुनने तथा उनका नियमानुसार और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से भी शासन की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने की अपील की।

दो महिला समूहों को 12 लाख रुपये की ऋण सहायता
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला स्वसहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से पंजाब नेशनल बैंक, बरदह शाखा की ओर से ऋण स्वीकृति एवं वितरण पत्र प्रदान किए गए। धुपखरी (कोरसर) के सरस्वती स्वसहायता समूह और ग्राम बर्दी के संध्या स्वसहायता समूह को छह-छह लाख रुपये के ऋण पत्र दिए गए। दोनों समूहों को कुल 12 लाख रुपये की ऋण सहायता उपलब्ध कराई गई। इससे महिला समूहों को आजीविका गतिविधियों का विस्तार करने और आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत तीन बालिकाएं लाभान्वित
शिविर में लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत ग्राम बर्दी-1 की आसना कुशवाहा, पिता सुखसागर एवं माता आशा देवी की पुत्री, तथा सुहानी पांडे, पिता राजरूप एवं माता मीना पांडे की पुत्री को लाभ प्रदान किया गया। इसके अलावा ग्राम भड़होर की अंशिका कोल, पिता दिलीप कोल एवं माता प्रभावती की पुत्री को भी योजना के तहत लाभान्वित किया गया। योजना का उद्देश्य बालिकाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के साथ उनकी शिक्षा और सशक्तीकरण को प्रोत्साहित करना है। शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों ने अपनी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह, जिला पंचायत सदस्य कमलेन्द्र प्रताप सिंह, जनपद पंचायत चितरंगी अध्यक्ष सिया दुलारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघ प्रिय, एसडीएम चितरंगी देवेन्द्र द्विवेदी, उप संचालक खनिज आकांक्षा पटेल, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग रेखा पांचाल, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री टीएस बरकड़े, जिला आपूर्ति अधिकारी पी.सी. चन्द्रवंशी, जनपद पंचायत चितरंगी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मान सिंह सैयाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायत के सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall