Singrauli News: एनसीएल की पहल: तीन साल में 1,530 युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण

Rama Posted on: 2026-10-28 11:22:00 Viewer: 29 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: एनसीएल की पहल: तीन साल में 1,530 युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण Singrauli News: NCL’s initiative: 1,530 youths to receive skill training over three years

मल्टी स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट में पहले बैच का शुभारंभ, पांच ट्रेडों में प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य

Singrauli News: सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के तहत सिंगरौली स्थित मल्टी स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट में कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले बैच का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य मध्य प्रदेश के सिंगरौली और उत्तर प्रदेश के सोनभद्र क्षेत्र के युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।

यह प्रशिक्षण केंद्र सिंगरौली में सीडब्ल्यूएस के आवासीय परिसर के निकट स्थित है। कार्यक्रम के तहत अगले तीन वर्षों में कुल 1,530 युवाओं को पांच ट्रेडों में प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन, असिस्टेंट माइन सर्वेयर, लोडर ऑपरेटर (माइनिंग), फोर-व्हीलर सर्विस टेक्नीशियन और महिलाओं के लिए विशेष फ्रंटलाइन हेल्थ केयरगिविंग असिस्टेंट ट्रेड शामिल हैं।

पांच ट्रेडों में मिलेगा प्रशिक्षण
कार्यक्रम के तहत युवाओं को तकनीकी ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल भी सिखाया जाएगा, ताकि वे उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप अपनी दक्षता विकसित कर सकें। इससे उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाने और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में प्रशिक्षित एवं प्रमाणित उम्मीदवारों को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य भी रखा गया है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ के दौरान एनसीएल के प्रबंधक (सीएसआर) प्रशांत कुमार, सीडब्ल्यूएस की प्रबंधक (सीएसआर) श्वेता कुमारी, नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के उप महाप्रबंधक शांतनु घोष तथा मोसाइक प्राइवेट लिमिटेड के तरुण आनंद सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्रशिक्षण केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं और पहले बैच के संचालन की समीक्षा की गई। प्रशिक्षुओं एवं प्रशिक्षण से जुड़े कर्मचारियों से संवाद कर कार्यक्रम के सुचारु संचालन पर चर्चा की गई। एनसीएल अपनी सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, कौशल विकास को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास कर रही है।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall