Trending Now

Singrauli News: दो साल से बंद गनियारी शॉपिंग प्लाजा टूटेगा, नए प्लाजा के निर्माण को मंजूरी

Rama Posted on: 2026-10-17 11:03:00 Viewer: 37 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: दो साल से बंद गनियारी शॉपिंग प्लाजा टूटेगा, नए प्लाजा के निर्माण को मंजूरी Singrauli News: Ganiyari Shopping Plaza, closed for two years, to be demolished; construction of a new plaza approved.

नगर निगम परिषद की बैठक में सर्वसम्मति से फैसला, जुड़वा तालाब पार्क का नाम होगा ‘महाराणा प्रताप सरोवर’

Singrauli News: सिंगरौली। नगर निगम क्षेत्र के गनियारी में दो साल से जर्जर हालत के कारण बंद पड़े शॉपिंग प्लाजा को गिराकर नया प्लाजा बनाया जाएगा। नगर निगम परिषद ने दूसरे दिन की बैठक में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। इसके साथ ही जुड़वा तालाब पार्क का नाम बदलकर ‘महाराणा प्रताप सरोवर’ करने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगाई गई। नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई अन्य मुद्दों पर भी निर्णय लिए गए।

गनियारी शॉपिंग प्लाजा लंबे समय से जर्जर हालत में होने के कारण बंद पड़ा है। परिषद ने नागरिकों की सुविधा और क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुराने प्लाजा को गिराकर उसके स्थान पर नवीन प्लाजा बनाने का निर्णय लिया। नए निर्माण से क्षेत्र में बेहतर व्यावसायिक सुविधाएं विकसित होने की उम्मीद है।

जुड़वा तालाब पार्क को मिलेगी नई पहचान
परिषद ने जुड़वा तालाब पार्क का नाम ‘महाराणा प्रताप सरोवर’ किए जाने के प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दी। इस निर्णय के जरिए पार्क को नया नाम देने के साथ महाराणा प्रताप की स्मृति को सम्मानित करने की पहल की गई है।

सामुदायिक भवन कचनी का प्रस्ताव खारिज
बैठक में सामुदायिक भवन कचनी का संचालन समिति को सौंपने संबंधी प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया। वहीं, हर्रई आवासीय योजना सहित नगरीय क्षेत्र में खाली पड़े भूखंडों की विस्तृत जानकारी अगली परिषद बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। सीएनडी वेस्ट के मामले में समिति गठित कर विस्तृत जांच कराने और जांच के बाद अगली बैठक में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। परिषद में इन मुद्दों पर आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।

विकास कार्यों को समय पर पूरा करने पर जोर
नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने कहा कि परिषद का उद्देश्य शहर का समग्र विकास करना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने पार्षदों और अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों को प्राथमिकता देने तथा उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आग्रह किया। बैठक के अंत में उन्होंने परिषद की बैठक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने की घोषणा की।

बैठक में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, महापौर रानी अग्रवाल, सांसद प्रतिनिधि संतोष वर्मा, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, नेता प्रतिपक्ष सीमा जायसवाल सहित परिषद के सदस्य, मेयर-इन-काउंसिल के सदस्य, डिप्टी कमिश्नर आर.पी. बैस, कार्यपालन यंत्री अरविंद मडराई तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall