Mission Abhimannu: Second phase of special awareness campaign "Abhimanyu" will be conducted in the district
Mission Abhimannu: पुलिस अधीक्षक नें बताया कि विकसित व सुरक्षित समाज का निर्माण महिला एवं पुरुषों की समान सहभागिता से ही किया जा सकता है। महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिये आवश्यक है कि समाज में लड़कों एवं पुरुषों को न केवल महिला संबंधी अपराधों के प्रति जागरुक किया जाए, बल्कि उन्हें संवेदनशील बनाया जाकर पूर्वाग्रह मुक्त सकारात्मक व्यवहार विकसित किया जाए। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखकर विशेषकर पुरुषों को जागरुक करने हेतु चलाये गये विशेष जागरुकता अभियान ’’अभिमन्यु’’ का द्वितीय चरण दिनॉक 01.08.2023 से 15.08.2023 तक संचालित किया जाना है।
उद्देश्यः-
1. बाल्यकाल से ही पुरुषों में लैंगिक समानता एवं एक दूसरे के प्रति सम्मान की भावना जाग्रत की जानी चाहिये।
2. महिलाओं के प्रति विशेष सम्मान की भावना जाग्रत की जाकर महिला अपराधों के प्रति संवेदनशील बनाना चाहिये।
3. शिक्षा के माध्यम से विभिन्न अपराधों की जानकारी दी जाकर उनके दुष्परिणाम से अवगत कराया जाना चाहिये।
4. समय-समय पर बालकों के क्रियाकलापों का आकलन किया जाकर उनके दुष्परिणामों से अवगत कराया जाना चाहिये।
5. प्रारंभिक अवस्था से ही प्रत्येक महिला के प्रति सम्मान एवं आदर का दृष्टिकोण रखने हेतु प्रोत्साहित किया जाना चाहिये।
6. युवा वर्ग को महिला अधिकारों के प्रति अवगत कराया जाकर महिलाओं को अपने विचार रखने की स्वतंत्रता एवं उनके विचारों के प्रति सम्मानजनक भाव रखने की शिक्षा दी जानी चाहिये।
7. वर्तमान में तकनीकों के माध्यम से समाज में जो अश्लीलता व्याप्त है, उनसे दूर किया जाकर शिक्षा पर जोर दिया जाना चाहिये।
8. पुरुषों को प्रारंभिक अवस्था से ही लैंगिक समानता एवं संस्कारों का ज्ञान दिया जाकर महिलाओं के प्रति अपराधिक प्रवृत्ति के क्या-क्या दुष्परिणाम हो सकते है इससे अवगत कराया जाये। जिस प्रकार अभिमन्यु ने गर्भावस्था मे ही माता-पिता से ज्ञान प्राप्त किया था, उसी प्रकार अभिभावकों को भी अपने बालको को बाल्यकाल से ही सामाजिक, नैतिक, मनोवैज्ञानिक एवं कानूनी ज्ञान जाकर जागरूक किया जाना आवश्यक है।
लक्षित वर्गः
अभियान के अंतर्गत म.प्र. शासन के विभिन्न विभागों के सहयोग एवं समन्वय से पोस्टर, लघु फिल्म, विभिन्न प्रतियोगिताओं, दूरदर्शन, आकाशवाणी, एफ.एम. रेडियो, सोशल मीडिया इत्यादि के माध्यम से शहर/ग्रामीण रहवासी क्षेत्र, स्कूल/कॉलेज के छात्र एवं शिक्षक, झुग्गी बस्ती मजदूर वर्ग, कण्डक्टर/ड्राइवर, शासकीय/अशासकीय संस्थाएॅ (बैंक इत्यादि) जगह प्रचार-प्रसार किया जाना है।
गतिविधियाँः
वाद-विवाद प्रतियोगिता, संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक, स्लोगन, प्रश्नावली हल करवाना समूह चर्चा, लघुफिल्मों का प्रदर्शन एवं मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाये एवं जिले के प्रमुख स्थानों जैसे रेल्वे स्टेशन, बस स्टैण्ड, पर्यटन स्थल, तहसील कार्यालय, कलेक्टर कार्यालय, शापिंग मॉल आदि स्थानों पर अभिमन्यु शुभंकर के कटआउट का सेल्फी पाइंट बनाया जावे एवं अभिमन्यु बैज, अभिमन्यु स्टीकर विभिन्न प्रतिभागियों को प्रदान किये जायें।
समन्वयकारी विभागः
स्कूल एवं शिक्षा विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, संस्कृति विभाग पर्यटन विभाग, ग्रामीण एवं पंचायत विभाग, परिवहन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग तथा एनजीओ इत्यादि।