Singrauli News: Holika Dahan will take place today, Holi will be played at Dhulendi tomorrow, people will be drenched in colors tomorrow.
Singrauli News : सोमवार को हर्षोल्लास के साथ रंगों का त्योहार होली मनाया जाएगा। इस अवसर पर लोग रंग-अबीर से सराबोर होंगे। त्योहार को मनाने को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। रविवार को होलिका दहन होगा। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों के साथ ही ग्रामीण इलाकों में होलिका दहन की तैयारियां की गई है। इसे लेकर लोग लकड़ियां, गोयठा आदि जमा करने में जुटे रहे।
उर्जाधानी नगरी में आपसी प्रेम भाईचारे व रंगोत्सव होलिका पर्व परंपरा अनुसार मनाया जाएगा। आज रविवार को शुभ मुहूर्त में नगर समेत आसपास के क्षेत्रों में सैकड़ों स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। सोमवार को धुलेंडी का त्योहार मनाया जाएगा। धुलेंडी पर रंग अबीर गुलाल उड़ा कर हुरियारे जमकर धमाल मचाएंगे। इसको लेकर उन्होंने जोरदार तैयारियां की है। होली पर्व पर खासकर बच्चों में काफी उत्साह नजर आ रहा है।
लोगों ने जमकर की खरीदारीे
- होली पर्व के मद्देनजर बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कपड़ा, रंग-गुलाल, पिचकारी की खरीदारी के लिए रविवार को बाजार में काफी चहल-पहल दिखी। नगर के मेन रोड, तुलसी मार्ग बाजार, कचहरी रोड, अस्पताल रोड, समेत तमाम प्रमुख इलाकों में रंग-बिरंगी पिचकारियों की दुकानें सज चुकी हैं। जहां लोगों की भीड़ देखी जा रही है। कपड़ों की दुकान में कुर्ता, पायजामा की खरीदारी के लिए भीड़ लगी रही। बच्चों को जहां रंग और पिचकारी अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। वहीं युवाओं को तरह-तरह का मास्क और कैप खूब भा रहे हैं। रंग-बिरंगी टोपियां युवाओं की पसंद बनी हुई है और जमकर लोग इसकी खरीदारी में मशगूल हैं।
सुरक्षा के कड़े प्रंबध
पर्व के दौरान शान्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। कोतवाली थाना प्रभारी सुदेश तिवारी ने बताया कि होली पर्व को देखते हुए सुरक्षा के कडे प्रबंध किए गए हैं। शहर के सभी जगहों पर पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे।
रंग खेलने के दौरान बरतें सावधानी
- आंख की सुरक्षा का ध्यान रखें। हर्बल रंग-गुलाल का ही प्रयोग करें।
- रंग खेलने से पहले शरीर पर जैतून का तेल लगाएं, ताकि रंग छुड़ाने में दिक्कत न हो।
- दूसरे की भावना का पूरा ख्याल रखें। रंग खेलने के दौरान किसी से जबरदस्ती नहीं करें।
- अश्लील गीतों को न बजाएं। पारंपरिक होली गीतों के साथ त्योहार का आनंद लें।