Singrauli News: अमेलिया कोल माइनिंग में रक्तदान शिविर, 101 यूनिट रक्त संग्रहित

Rama Posted on: 2026-11-28 11:31:00 Viewer: 72 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: अमेलिया कोल माइनिंग में रक्तदान शिविर, 101 यूनिट रक्त संग्रहित Singrauli News: Blood donation camp held at Amelia coal mine; 101 units of blood collected

155 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच, रक्तदाताओं को स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित

Singrauli News: सिंगरौली। सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सामुदायिक स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के तहत आदित्य बिरला ग्रुप की इकाई अमेलिया कोल माइनिंग लिमिटेड (ACML) और इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, सिंगरौली के संयुक्त तत्वावधान में 26 नवंबर को फर्स्ट एड सेंटर परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कर्मचारियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कुल 101 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जबकि 155 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।

दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ
शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं रिबन कटिंग के साथ हुआ। इस अवसर पर ACML के वरिष्ठ प्रबंधन और रेडक्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारियों ने रक्तदान को मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए लोगों से नियमित रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. आर.डी. द्विवेदी ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने रक्तदाताओं के योगदान की सराहना की। शिविर में 155 लोगों के हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्रुप, वजन एवं ब्लड प्रेशर की जांच की गई। इनमें से 101 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।

रेडक्रॉस और ACML टीम का रहा सहयोग
शिविर के सफल आयोजन में रेडक्रॉस सोसाइटी की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। टीम में डॉ. आर.डी. द्विवेदी, डॉ. एन.के. जैन, हरिशंकर गुप्ता, जयप्रकाश दुबे, शिवानी सिंह, सूरज प्रकाश सेन, रेशमा एवं रामकली शामिल रहे। ACML की ओर से हेड-माइनिंग सर्विसेज दीपेश भाटिया, प्रोजेक्ट हेड संजीत आध्या एवं हेड-एचआर विश्लेष नागर के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।

रक्तदाताओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम के समापन पर सभी रक्तदाताओं को स्मृति चिह्न, ड्राई फ्रूट्स एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। ACML के हेड-एचआर ने रक्तदाताओं, रेडक्रॉस टीम, वरिष्ठ प्रबंधन, आयोजन समिति एवं सहयोगी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक गतिविधि नहीं, बल्कि जरूरतमंदों को जीवन बचाने में सहयोग देने का मानवीय प्रयास है। इस आयोजन के माध्यम से ACML ने सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall