UP Board Toppers: Mehak Jaiswal topped in UP Board Intermediate, Yash Pratap topped in High School
UP Board Toppers : यूपी बोर्ड ने वर्ष 2025 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया। हाईस्कूल में श्रीमती रस केंद्रीय इंटर कॉलेज उमरी जालौन के यश प्रताप सिंह ने 97.83 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान पाया है, जबकि इंटरमीडिएट में प्रदेश में पहला स्थान बच्चा राम यादव इंटर कॉलेज भुलई का पूरा प्रयागराज की महक जायसवाल को मिला है।
महक ने 97.92 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। हाईस्कूल में 25,45,815 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए थे। कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 90.11 है। इंटरमीडिएट में 25,98,560 परीक्षार्थी थे, कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 81.15 है। हाईस्कूल की प्रदेश की टाप टेन सूची में 55 छात्र-छात्राएं हैं, जबकि इंटरमीडिएट की सूची में 30 परीक्षार्थी हैं।
परिणाम की घोषणा यूपी बोर्ड मुख्यालय में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के सभापति डॉ महेन्द्र देव यादव ने बोर्ड सचिव भगवती सिंह के साथ की।
हाईस्कूल में 97.67 प्रतिशत अंक के साथ इटावा के शिवाजी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज कटरा शमशेर खां की अंशी तथा बाराबंकी के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज रामसनेही घाट के अभिषेक कुमार यादव संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे।
तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप से डॉ डीपीएस वीएम इंटर कॉलेज बिलारी मुरादाबाद की रितु गर्ग, बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज शेखपुर बिलौली बाजार पाहला सीतापुर के अर्पित वर्मा तथा श्रीमती रस केंद्रीय इंटर कॉलेज उमरी जालौन की सिमरन गुप्ता हैं। तीनों को क्रमश: 97.50 प्रतिशत अंक मिले हैं।
इसी तरह इंटरमीडिएट में दूसरे स्थान पर कुल चार परीक्षार्थी हैं। इनमें 96.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर श्रीनारायण स्मारक इंटर कॉलेज गजरौला अमरोहा की साक्षी, सरस्वती वीएम इंटर कॉलेज जेके कादीपुर सुलतानपुर के आदर्श यादव, एसपी इंटर कॉलेज सिकरो कोरांव प्रयागराज की शिवानी सिंह तथा धर्मा देवी इंटर कॉलेज केन कनवर कौशांबी की अनुष्का सिंह हैं। तीसरे स्थान पर 96.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सीएचएस सिंह इंटर कॉलेज जसवंतनगर इटावा की मोहिनी रही।