Trending Now

Singrauli News: करंट से मवेशी की मौत के बाद पोड़ी-2 में ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

Rama Posted on: 2026-08-05 12:19:00 Viewer: 105 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: करंट से मवेशी की मौत के बाद पोड़ी-2 में ग्रामीणों का फूटा गुस्सा Singrauli News: Villagers in Podi-2 outraged after cattle dies of electrocution.

पोड़ी-2 में बार-बार बिजली गुल होने से ग्रामीण परेशान, अव्यवस्थाओं को लेकर विद्युत विभाग से सुधार की मांग

Singrauli News: सिंगरौली। जिले के चितरंगी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पोड़ी-2 में खराब विद्युत व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। लंबे समय से बिजली आपूर्ति में आ रही परेशानियों और जर्जर विद्युत उपकरणों से नाराज ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर स्थल पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से बिजली व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। आए दिन फॉल्ट, खराब केबल और तकनीकी समस्याओं के कारण घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। इसका असर ग्रामीणों के दैनिक जीवन, घरेलू कार्यों, खेती-किसानी और बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।

करंट की चपेट में आने से मवेशी की मौत के बाद बढ़ा आक्रोश
बताया जा रहा है कि अचानक विद्युत आपूर्ति शुरू होने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक मवेशी की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए खराब उपकरणों की जांच और तत्काल सुधार की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते विद्युत लाइन, केबल और अन्य उपकरणों का रखरखाव किया जाता तो ऐसी स्थिति नहीं बनती। उन्होंने मांग की कि गांव की विद्युत व्यवस्था की तकनीकी जांच कर स्थायी समाधान किया जाए।

ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा के लिए उन्हें लगातार परेशान होना पड़ रहा है। बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

विद्युत विभाग ने कहा- ट्रांसफार्मर नहीं, केबल में थी खराबी
वहीं इस मामले में चितरंगी विद्युत वितरण कंपनी के प्रभारी विवेक सिंह चौहान ने बताया कि समस्या ट्रांसफार्मर में नहीं, बल्कि खराब केबल के कारण आई थी। विभाग द्वारा नई केबल उपलब्ध करा दी गई है और उसे बदलने का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा ट्रांसफार्मर को पीटने वाला वीडियो संबंधित स्थान का नहीं है। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि खराब केबल के कारण विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई थी, जिसका समाधान किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों और केबलों की नियमित जांच एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति मिल सके।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall