Trending Now

Singrauli News: करदा में जन विश्वास शिविर, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ निराकरण

Rama Posted on: 2026-10-03 11:26:00 Viewer: 89 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: करदा में जन विश्वास शिविर, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ निराकरण Singrauli News: 'Jan Vishwas Shivir' (Public Trust Camp) held in Karda; villagers' grievances resolved on the spot.

प्रभारी मंत्री संपतिया उईके ने हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ और स्वीकृति पत्र, स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों का हुआ निःशुल्क परीक्षण

Singrauli News: सिंगरौली। मुख्यमंत्री जन विश्वास एवं सेवा सेतु अभियान के तहत देवसर जनपद की ग्राम पंचायत करदा में जिला स्तरीय जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री एवं सिंगरौली जिले की प्रभारी मंत्री संपतिया उईके मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि जन विश्वास शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को निर्धारित समय-सीमा में योजनाओं का लाभ दिलाया जाए, ताकि ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

हितग्राहियों को मिले विभिन्न योजनाओं के लाभ
शिविर में सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत ग्राम कुदवार निवासी मोतीलाल सिंह और गुलबिया बैगा तथा ग्राम परसोहर निवासी जगत सिंह गौंड और जयमनिया केवट को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ प्रदान किया गया।

स्वास्थ्य सुरक्षा के तहत ग्राम करदा निवासी वंश बहादुर सिंह और शिवनारायण सिंह के आयुष्मान कार्ड स्वीकृत किए गए। मुख्यमंत्री जन कल्याण (संबल) योजना के तहत ग्राम धौहनी निवासी तेजभान सिंह को उनकी पत्नी अन्ती सिंह की मृत्यु पर 4 लाख रुपये तथा ग्राम कुदवार निवासी बिहारी बैगा को उनकी पत्नी लल्ली बैगा की मृत्यु पर 2 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई।

वहीं प्राकृतिक आपदा राहत के तहत ग्राम करदा निवासी चित्रसेन सिंह गौंड को सर्पदंश की घटना में 4 लाख रुपये की राहत राशि दी गई। उक्त हितलाभ प्रभारी मंत्री संपतिया उईके ने हितग्राहियों को प्रदान किए।

पेंशन, राशन कार्ड और पट्टे से जुड़े आवेदन पहुंचे
शिविर में ग्रामीणों ने पेंशन, राशन कार्ड, सीमांकन, पट्टा, आवास सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। अधिकारियों द्वारा कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों को दर्ज कर संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य शिविर में हुआ निःशुल्क परीक्षण
जन विश्वास शिविर के दौरान स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जहां ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण कर मरीजों से चर्चा की और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।

शिविर में धौहनी विधायक कुँवर सिंह टेकाम, कलेक्टर गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम., सीईओ जिला पंचायत संघप्रिय, जनपद अध्यक्ष प्रणव पाठक, एसडीएम सुशील श्रीकृष्ण श्रीराम सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी, खंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall