Trending Now

Singrauli News: जिला अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर कलेक्टर नाराज, सात दिन में सुधार के निर्देश

Rama Posted on: 2026-11-05 17:07:00 Viewer: 102 Comments: 0 Country: India City: Singrauli

Singrauli News: जिला अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर कलेक्टर नाराज, सात दिन में सुधार के निर्देश Singrauli News: Collector expresses displeasure over cleanliness at the district hospital; issues instructions for improvement within seven days.

औचक निरीक्षण में मिली अव्यवस्थाओं पर सिविल सर्जन को पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश, दीपावली पर 24 घंटे संचालित होगी बर्न यूनिट

Singrauli News: सिंगरौली। कलेक्टर अंकित अस्थाना ने गुरुवार को जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान अस्पताल परिसर और वार्डों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। कलेक्टर ने सिविल सर्जन को सात दिवस के भीतर सफाई व्यवस्था में सुधार कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ओपीडी, सर्जिकल वार्ड, जनरल वार्ड, डायलिसिस यूनिट और बर्न यूनिट का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल के वॉशरूम सहित सभी सार्वजनिक स्थलों की दिन में दो बार नियमित सफाई कराने तथा आउटसोर्स के माध्यम से सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर सेडमैप सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।

दीपावली पर 24 घंटे संचालित रहेगी बर्न यूनिट
आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को बर्न यूनिट का संचालन तीन पालियों में 24 घंटे सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान आग एवं पटाखों से झुलसने वाले मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।

जन औषधि केंद्र में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर ने अस्पताल परिसर स्थित जन औषधि केंद्र में सभी आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सकों को मरीजों के पर्चे में जन औषधि केंद्र से उपलब्ध होने वाली दवाएं लिखने के लिए कहा, ताकि मरीजों को सस्ती दरों पर दवाएं मिल सकें। उन्होंने ट्रामा सेंटर परिसर की पार्किंग में खड़ी निजी एम्बुलेंस को हटाने तथा अस्पताल परिसर में यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा सीएसआर मद से निर्माणाधीन ब्लड बैंक की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप तय समय-सीमा में पूरा कराने को कहा।

अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस चौकी स्थापित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता तथा व्यवस्थाओं में सुधार को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह, सिविल सर्जन डॉ. कल्पना रवि एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) सुधांशु मिश्रा उपस्थित रहे।

Also Read

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall