Trending Now

जनजातीय विकासखण्डों की ग्रामसभाओं को अधिकार सम्पन्न बनाने लागू हुआ है पेसा एक्ट : मुख्यमंत्री

Rama Posted on: 2023-06-03 17:02:00 Viewer: 233 Comments: 0 Country: India City: Sidhi

जनजातीय विकासखण्डों की ग्रामसभाओं को अधिकार सम्पन्न बनाने लागू हुआ है पेसा एक्ट : मुख्यमंत्री PESA Act has been implemented to empower the Gram Sabhas of Tribal Development Blocks: Chief Minister


मुख्यमंत्री कुसमी में बड़ा देव मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा, गौरव दिवस एवं जनजातीय सम्मेलन में वर्चुअली हुए शामिल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि बड़ा देव भगवान में हमारी गहरी आस्था और श्रद्धा है। सीधी जिले के कुसमी गौरव दिवस पर बड़ा देव भगवान के नव-निर्मित मंदिर में बड़ा देव भगवान की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होते हुए हृदय प्रफुल्लित है। मुख्यमंत्री ने भगवान बड़ा देव से प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और निरंतर प्रगति-पथ पर अग्रसर होने की कामना की। मुख्यमंत्री श्री चौहान सीधी जिले के कुसमी गौरव दिवस पर बड़ा देव मूर्ति कुसमी की प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर शुक्रवार 02 मई को जनजातीय सम्मेलन को छतरपुर में वीडियो कांफ्रेंसिंग से संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में पेसा एक्ट से जनजातीय विकासखंडों की ग्राम सभाओं को अधिकार सम्पन्न बनाया गया है। प्रदेश की 268 ग्राम सभाएँ स्वयं तेंदूपत्ता तुड़ाई और विक्रय का कार्य कर रही हैं। ग्राम सभाओं को गाँव में शराब की दुकान खोलने का फैसला करने का अधिकार दिया गया है। गाँव में छोटे-छोटे विवादों के निराकरण के लिए शांति और विवाद निवारण समितियाँ बनी हैं। गाँव से यदि किसी श्रमिक को काम के लिए बाहर ले जाया जाता है तो उसकी सूचना ग्राम सभा को देनी होती है। जनजातीय विकासखंडों में अब ग्राम सभाएं ही विकास की दिशा निर्धारित करेंगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में 10 जून से प्रत्येक पात्र बहन के खाते में एक हजार रूपये डाले जाएंगे। इससे बहनों को अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए किसी के आगे हाथ नहीं फैलाना पड़ेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। सभी को निःशुल्क खाद्यान्न, प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्का आवास, बीमारी पर आयुष्मान कार्ड से निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। प्रदेश में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से बेटियों का धूमधाम से विवाह संपन्न किया जा रहा है। किसानों को केंद्र तथा राज्य सरकार द्वारा प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सम्मान निधि दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे भगवान बड़ा देव की प्रेरणा से निरंतर प्रदेशवासियों की प्रगति के लिए कार्य करते रहेंगे।

जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण तथा सीधी जिले की प्रभारी मंत्री सुश्री मीना सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान के कुसमी प्रवास के दौरान जनजातीय समुदाय के लोगों द्वारा भगवान बड़ा देव के मंदिर निर्माण तथा मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की माँग की गई थी। मुख्यमंत्री द्वारा पूरी श्रद्धा से माँग को पूरा करते हुए मंदिर का निर्माण कराया गया है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनजातीय समुदाय सदैव से प्रकृति का पुजारी रहा है। पर्यावरण के संरक्षण और संवर्धन में जनजातीय समुदाय में अपनी जिम्मेदारी निर्वहन किया है। भगवान बड़ा देव की प्रेरणा से हम निरंतर अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठा से निर्वहन करते रहेंगे और पर्यावरण के संवर्धन और समाज के कल्याण के लिए अपने कर्तव्यों को निभाते रहेंगे।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान महिलाओं तथा बच्चियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। यह मुख्यमंत्री जी के ही प्रयास हैं कि लाड़ली लक्ष्मी योजना से बेटियों के प्रति समाज में एक सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ है। आज प्रदेश में लिंगानुपात बढ़ा है, बेटियों के जन्म पर उत्सव मनाया जाता है। बेटी के जन्म से उसके पढ़ाई लिखाई की पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार ने ली है। लाड़ली लक्ष्मी बेटियों के विवाह के समय सरकार उन्हें एक लाख रुपये की राशि प्रदान करेगी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि अब प्रदेश के मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना के माध्यम से बहनों की सशक्तिकरण की दिशा में क्रान्तिकारिक पहल की है। प्रदेश में एक करोड़ 25 लाख बहनों ने इस योजना में अपना पंजीयन कराया है। 10 जून से प्रत्येक माह इन बहनों के खाते में एक हजार रुपये की राशि डाली जाएगी। यह राशि बहनों के सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभाएगी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि इसी प्रकार आजीविका मिशन की गतिविधियों को बढ़ावा देकर बहनों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बहनों को आजीविका मिशन से जुड़ने का आह्वान किया है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि स्कूली बच्चों की ड्रेस सिलाई का कार्य आजीविका मिशन की बहनें ही करें।

प्रभारी मंत्री सुश्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में आज प्रदेश सरकार की योजनाएं गांव-गांव घर-घर तक पहुंच रही हैं। अधोसंरचना के क्षेत्र में प्रदेश में उत्तरोत्तर प्रगति हुई है। प्रदेश के हर क्षेत्र में सड़कों का जाल फैला है। सड़कों की गुणवत्ता में सुधार हुआ है, इससे आवागमन सुगम हुआ है। बिजली के क्षेत्र बहुत सुधार हुआ है। अब गांवों में भी 24 घंटे बिजली की आपूर्ति होती है। खराब ट्रांसफार्मर निर्धारित समयावधि में बदले जा रहे हैं। उन्होंने लोगों का आह्वान किया है कि सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक बने और आगे आकर योजनाओं का लाभ लें।

विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम ने जनजातीय समुदाय के विकास के लिए चलाई जा रही योजनाओं तथा कुसमी क्षेत्र के विकास के लिए दी गई सौगातों के लिए मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त किया है। विधायक ने कहा कि कुसमी प्रवास के दौरान जनजातीय समुदाय के भाईयों की विशेष मांग को सहर्ष स्वीकार करते हुए भगवान बड़ा देव के मंदिर का निर्माण कराया है। आज बड़ा देव भगवान की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर प्रदेश के जनजातीय समुदाय के समागम का अवसर मिला है जिससे वह हर्षित एवं आनंदित है। विधायक श्री टेकाम ने सभी अतिथियों का शाल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया। विधायक ने कहा कि कुसमी प्राकृतिक संसाधनों से परिपूर्ण, ऐतिहासिक रूप से समृद्ध क्षेत्र है। यहाँ के निवासियों ने क्षेत्र तथा प्रदेश के विकास में अपनी भूमिका निभाई है। यहाँ की प्रतिभाओं ने पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। आज उनके सम्मान का अवसर है।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री तथा विधायक सहित उपस्थित अतिथियों द्वारा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के हितग्राहियों को स्वीकृत-पत्र वितरित किए गए। साथ ही कक्षा 10 वीं में प्रदेश की मेरिट में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली सुश्री कीर्ति प्रभा मिश्रा तथा खेल महाकुंभ अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक विजेता भदौरा के श्री मुकेश कुमार गुप्ता सहित कुसमी के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नागरिकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री द्वारा जनजातीय वीर नायकों एवं वीरांगनाओं तथा जनजातीय वर्ग के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित कलेंडर का विमोचन किया गया।

इस अवसर पर से.नि. आई.ए.एस. अध्यक्ष गोंड महासभा वी.एस. परतेती, प्रांतीय सचिव वनवासी विकास परिषद महाकौशल प्रान्त अर्जुन सिंह मरकाम, अध्यक्ष अजाक्स सीधी डाॅ. कैलाश सिंह नेताम, जि.पं. सदस्य हीराबाई सिंह, सीताराम गोंड, शशि परतेती, धरम सिंह मसराम, यू बी सिंह धुर्वे, जमुनी देवी, द्रौपदी सिंह सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए जनजातीय समुदाय के प्रतिनिधि द्वारा सहभागिता की गई। कलेक्टर साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक डॉ रविन्द्र वर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, उपखण्ड अधिकारी आर के सिन्हा, सीईओ जनपद मानसिंह सैयाम सहित संबंधित विभागीय अधिकारी तथा ग्रामीण जन द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Also Read

  

Leave Your Comment!









Recent Comments!

No comments found...!


Singrauli Mirror AppSingrauli Mirror AppInstall